राज्य

Agra : ओडिसी, कथक और शास्त्रीय गायन संग सुर-ताल से गूंजेगा अटल सभागार*

पं. श्रीधर शर्मा स्मृति स्वर ताल उत्सव और सम्मान समारोह-2026 के पोस्टर का किया गया विमोचन

मनोहर समाचार, आगरा। ताल सरगम अकादमी, आगरा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी पंडित श्रीधर शर्मा स्मृति स्वर ताल उत्सव और नवरत्न सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के सहयोग से उनके ही अटल बिहारी बाजपेई अंतर्राष्ट्रीय सभागार में 27 जून को सांयकाल 5 बजे से करने जा रही है, जिसमें आगरा और देश के अन्य प्रतिष्ठित कलाकार अपनी मंचीय प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर एक नवरत्न सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन होटल पूनम प्लाज़ा, दयालबाग में 25 जून को किया गया।

पोस्टर विमोचन बाद कार्यक्रम संयोजक और ताल सरगम अकादमी के निदेशक रविन्द्र सिंह ने बताया उद्घाटन मुख्य अतिथि मेवाड़ यूनिवर्सिटी, चित्तौड़गढ़, राजस्थान की फाइन आर्ट्स, म्यूजियम, आर्ट कल्चर की डायरेक्टर जनरल प्रो. डॉ.चित्रलेखा सिंह, केंद्रीय हिंदी संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो. डॉ. हरीशंकर सिंह, आकाशवाणी, आगरा के निदेशक अनेन्द्र सिंह सहित कई अन्य विशिष्ट अतिथिगण संयुक्त रूप से करेंगे। इस अवसर पर संस्था द्वारा आगरा नवरत्न सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें आगरा की कला, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़ी शख्शियतों का सम्मान किया जायेगा।

संस्था के संरक्षक और दयालबाग डीम्ड यूनिवर्सिटी के संगीत विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. डॉ. रवि भटनागर ने बताया सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ आगरा की युवा ओडिसी नृत्यांगना नीरवी सिंह सुंदर ओडिसी नृत्य में मंगलाचरण प्रस्तुत करेंगी। निर्देशन नृत्य गुरू अभिषेक निगम का रहेगा। संगीतज्ञ स्व.डॉ. वी. प्रेम कुमारी और देवप्रिया अधिकारी की सुयोग्य शिष्या युवा शास्त्रीय संगीत गायिका महिमा सिन्हा का शास्त्रीय गायन होगा। नृत्य सम्राट राजेंद्र गंगानी जी महाराज के सुयोग्य शिष्य और अंतर्राष्ट्रीय शास्त्रीय नृत्य कलाकार धीरेन्द्र तिवारी की अगुआई में दिल्ली से पधार रहे अतिथि कलाकारों के दल द्वारा कथक नृत्य की विभिन्न मनोहारी मंचीय प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

अध्यक्ष नीलम पाल ने बताया कि इस कार्यक्रम के अन्य कलाकारों में टी. रविन्द्र तलेगांवकर संवादिनी पर, रविन्द्र सिंह और अनुराग झा तबला पर, अपराजिता झा तानपुरा पर, अदनान खान गायन एवं हारमोनियम पर, मोहम्मद अयूब खान सारंगी पर, बप्पी देव पड़ंत पर होंगे। युवा शास्त्रीय नृत्यांगना भानुप्रिया और उर्वशी शर्मा कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। महासचिव करण प्रताप ने कहा कार्यक्रम में आगरा और आसपास के नगरों के सुधी संगीत रसिक आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम में *प्रवेश नि:शुल्क है, कोई भी इसमें आ सकता है।

कार्यक्रम की उद्घोषिका श्रुति सिन्हा और मीडिया समन्वयक डॉ. महेश चंद्र धाकड़ ने बताया कि संस्था द्वारा विगत एक दशक से भी अधिक समय से विभिन्न मौकों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। इसी क्रम में संस्था द्वारा पिछले तीन साल से आयोजित हो रहा स्वर ताल उत्सव अब गुणवत्ता के आधार पर आगरा की प्रमुख सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल हो गया है। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में व्यवस्था प्रमुख हीरा सिंह और कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला आदि भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button