राज्य

Agra : धरा चेतना फाउंडेशन ने प्रथम स्थापना दिवस समाजसेवा, साहित्य, संस्कृति क्षेत्र में नया करने के संकल्प संग मनाया

एक वर्ष केवल कार्यक्रमों का सफर नहीं, बल्कि प्रेम, संवेदना, संस्कृति, सामाजिक चेतना को जोड़ने की सतत कोशिश रहा है

मनोहर समाचार, आगरा। समाज के लिए रचनात्मक सोच और नेक इरादों को लेकर जब हम चलते हैं तो सभी का सहयोग मिलता है, इससे संस्थाएं कार्य में विस्तार पाती हुई आगे बढ़ती हैं। यह कहना था धरा चेतना फाउंडेशन के प्रथम स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लखनऊ से आगरा पधारे शेखर दीक्षित का। मुख्य वक्ता सांस्कृतिकर्मी अरुण डंग ने कहा धरा चेतना फाउंडेशन की सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रियता उत्साहवर्धक है, इससे जुड़े युवा नई सोच के साथ आगे बढ़कर समाज में कुछ करने का इरादा रखते हैं यह खुशी की बात है। विशिष्ट अतिथि उद्यमी डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में बहुत कुछ करने की संभावनाएं हैं, वर्तमान समय की जरूरतों को ध्यान में रखकर आप सबको योजनाबद्घ तरीके से आगे बढ़ना चाहिए।

अध्यक्ष दीपाली सिंह ने कहा धारा चेतना फाउंडेशन सामाजिक रूप से प्रेरित एक संगठन है, जो रचनात्मकता, संवेदनशीलता और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। हमारा विश्वास है जागरूकता और अभिव्यक्ति जीवन को बदल सकती है। हम शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, कला, संस्कृति और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्रों में कार्य करते हैं। फाउंडेशन का यह एक वर्ष केवल कार्यक्रमों का सफर नहीं, बल्कि प्रेम, संवेदना, संस्कृति, सामाजिक चेतना को जोड़ने की सतत कोशिश रहा है।

दीपाली ने बताया एक वर्ष में फाउंडेशन ने जो प्रमुख कार्यक्रम किए हैं उनमें अतुल्य हिन्दी छात्र सम्मान, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती का समारोह, संवाद : सोशल मीडिया और ब्रज की लोक कलाएँ, ब्रज धारा साहित्योत्सव और सम्मान समारोह, सीता तत्व परिसंवाद, मदर्स डे सेलिब्रेशन शामिल हैं। भविष्य में फाउंडेशन संस्कृति, शिक्षा, सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन लाने के प्रयासों को और व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। निरंतर सहयोग और साझा दृष्टि के साथ अधिक जागरूक, समावेशी और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।

सार्थक चर्चा के अलावा कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों ने भी सबका मन मोह लिया। पलक नैनानी ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। रुद्रा, मिश्का प्रभाकर, अंशिका एवं अहाना द्वारा प्रस्तुत नारी सशक्तिकरण पर आधारित नाटक ने सभी को भावुक कर दिया।

अतिथियों में डॉ. मुनीश्वर गुप्ता, दीपक प्रहलाद, राजबहादुर राज, प्रो. नीलू शर्मा, आदर्श नंदन गुप्त, श्रुति सिन्हा, कपिल सिंघल, प्रताप पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य यतेंद्र सोलंकी, ओमवीर, डॉ. विनोद यादव, कवि ईशान देव, नृत्याचार्य अभिषेक निगम, आभा मेहरा, अंजना गोस्वामी, नरेंद्र कौर, पियूष प्रभाकर, गौतम, कुमार ललित, डॉ. महेश धाकड़ थे। कार्यक्रम में फाउंडेशन के अक्षय प्रताप सिंह, गति सिंह, प्रीति सिंह, बरखा सिंह, फेलिक्स, प्रिसिला ने अहम भूमिका निभाई। अतिथियों का संस्था द्वारा सम्मान किया गया। वहीं इस मौके पर डॉ. रंजन बंसल ने पुष्प गुच्छ भेंटकर फाउंडेशन टीम का सम्मान किया। श्रुति सिन्हा ने अंगवस्त्र भेंट कर सबको सम्मानित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button