धर्म

Agra : भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा क्षेत्र

मनोहर समाचार, आगरा। रंगूराम धाम, कैलाशपुरी में आयोजित श्रीराम कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ अवसर पर महिला मातृशक्ति द्वारा भव्य एवं दिव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। मैं तो प्रभु श्रीराम की दीवानी, भजन की मधुर धुनों और जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष के बीच सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया।

मंगल कलश यात्रा बाबा रंगूराम धाम, कैलाशपुरी से प्रारंभ होकर बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल पर पहुंची। यात्रा में शामिल महिलाओं ने आकर्षक एवं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर भगवान श्रीराम के भजनों पर झूमते हुए भक्ति रस की अनूठी छटा बिखेरी, श्रद्धालु मातृशक्ति पूरे मार्ग में नृत्य करती हुई आगे बढ़ी, जिससे पूरा वातावरण राममय हो गया।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं सामाजिक धार्मिक परिवारों द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने यात्रा में शामिल मातृशक्ति का अभिनंदन करते हुए भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कथा पंडाल पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस में श्रीधाम वृंदावन सुप्रसिद्ध कथा वाचिका पूज्या पंडित गरिमा किशोरी जी ने अपने मुखारविंद से श्रीराम कथा का अमृतमय रसपान कराते हुए भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म, मर्यादा एवं भक्ति की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, श्रद्धालुगण, महिला मंडल एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बाबा रंगूराम धाम सेवा मंडल आयोजकों ने समस्त मातृशक्ति, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कथा के आगामी दिनों में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया।

इस दौरान स्वामी गुरमुख उदासीन, दास दीपक उदासीन, समाजसेवी श्याम भोजवानी, राजेश लालवानी, पूनम छत्तानी, गुरदासमल, सिमरन लालवानी, कौशल्या उदासीन,
सौम्या खोरेजा, नीलम केसवानी, सीमा, जीया, सावित्री, भाविका, मानसी, मैताली, सिमरन, हेमा, सोमिया, सोनिया आदि मौजूद रहीं ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button