धर्म

Agra : भव्य झांकियों के साथ निकला ब्रज के राजा दाऊजी महाराज का डोला, श्रद्धालुओं में उमड़ी आस्था

मनोहर समाचार, आगरा। बेलनगंज चौराहा स्थित प्राचीन श्री दाऊजी मंदिर से ब्रज के राजा दाऊजी महाराज का भव्य डोला नगर भ्रमण के लिए श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाला गया। आरती एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुई इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे मार्ग में भक्ति का वातावरण बना रहा।

डोले में भगवान श्रीकृष्ण और बलदाऊ के स्वरूप विराजमान थे। शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, शिव-पार्वती एवं अन्य देवी-देवताओं की झांकियों को देखने के लिए मार्ग में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर ब्रज के राजा दाऊजी महाराज का स्वागत किया। बैंड-बाजों और भक्ति गीतों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते हुए डोले के साथ चलते रहे।

आधुनिक दौर की झलक भी इस आयोजन में देखने को मिली, युवाओं और श्रद्धालुओं ने मोबाइल से सेल्फी लेकर तथा वीडियो बनाकर इस भव्य शोभायात्रा को सोशल मीडिया और फेसबुक पर साझा किया, जिससे कार्यक्रम की भव्यता दूर-दूर तक देखने को मिली।

डोला यात्रा बेलनगंज, कचौडा बाजार, दरैसी, रावतपाड़ा, पथवारी मंडी सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर एवं पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया।

इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी भी उपस्थित रहे। यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में आरती अपरान्त भोग प्रसादी का श्रद्धांलुओं ने आनंद लिया ।

इस दौरानमहंत विनोद मिश्रा, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, पूर्व पार्षद श्याम भोजवानी, कन्नू पंडित, प्रमोद गुप्ता, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, दीपक खरे, दीपक ढल, अखिल यादव , सौरभ शर्मा, शेखर पंडित, राजू चाचा, गौरव भदौरिया, रामकुमार अग्रवाल, मोनू पंडित, गिरीश अष्ट, राजेश शर्मा, बंसी बोहरे, राहुल गोमता, जीतू पंडित, नरेंद्र शर्मा, संजीव यादव, आशीष जैन, सनी, विशाल, विनोद शर्मा, कालू, समस्त भक्तिगण उपस्थित रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button