धर्म

Agra : श्रीमथुराधीश जी मंदिर में मना कुनवाड़ा उत्सव, मिट्टी के पात्रों में लगा भोग

मनोहर समाचार, आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर मधुराधीश जी मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कुनवाड़ा उत्सव एवं मनोरथ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीठाकुर जी को विशेष भाव से मिट्टी के पात्रों में तैयार एवं परोसा गया। उत्सव में बड़ी संख्या में वैष्णव भक्तों ने भाग लेकर दर्शन एवं सेवा का लाभ प्राप्त किया।

पुष्टिमार्गीय परंपरा में कुनवाड़ा उत्सव का विशेष महत्व माना जाता है। इस मनोरथ में भगवान को ऐसे स्वरूप में सेवा अर्पित की जाती है, मानो वे बाल एवं अविवाहित अवस्था में हों। इसी भाव के अनुरूप उन्हें मिट्टी के बर्तनों में भोजन समर्पित किया जाता है। मान्यता है कि सादगी, पवित्रता और सहज प्रेम से की गई यह सेवा ठाकुरजी को अत्यंत प्रिय होती है। उत्सव के अंतर्गत प्रातःकाल भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर को पुष्पों, बंदनवारों एवं आकर्षक सजावट से अलंकृत किया गया। इसके पश्चात मिट्टी के कुल्हड़ों, कटोरियों और थालियों में विविध प्रकार के सात्विक व्यंजन, मिष्ठान एवं फल सजाकर ठाकुरजी को राजभोग अर्पित किया गया। मिट्टी के पात्रों में सुसज्जित भोग की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

भोग दर्शन के दौरान मंदिर परिसर श्रीहरि के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से दर्शन किए। पुरुषोत्तम मास की महिमा का श्रवण किया। पुरुषोत्तम मास भगवान की विशेष कृपा प्राप्त करने का अवसर है और इस मास में किए गए जप, तप, दान एवं सेवा का फल अनेक गुना बढ़ जाता है।

इस अवसर पर मुख्य रुप से दिलीप भारद्वाज, ममता भारद्वाज, आकाश, अमीषा, अवनिका, ब्रज खंडेलवाल, पद्मिनी, मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय, स्वाति कटरा,अंकित भारद्वाज, नवीन भारद्वाज, राजेश भारद्वाज, सौम्या भारद्वाज, अनिता दीक्षित, तन्वी भारद्वाज, शिवानी भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button