धर्म

Agra : इस्कॉन मंदिर में उड़े होली के रंग, भगवान जगन्नाथ की भक्ति के संग

भक्तों द्वारा तैयार किए हर्बल रंगों से खेली गई होली, खूब उड़ा अबीर गुलाल, ठंडाई और गुंजिया का लगा भोग

मनोहर समाचार, आगरा। इस्कॉन मंदिर में होली के खूब रंग उड़े। भक्तों द्वारा चुकन्दर, पालक, हल्दी आदि से तैयार हर्बल रंगों के साथ होली का उत्साह और उमंग हर तरफ बिखरा था। सर्वप्रथम इसकॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने पिचकारी में नीला, पीला, हरा, गुलाबी गुलाल भरकर बहन सुभद्रा व भाई बलराम संग विराजमान भगवान जगन्नाथ को भक्ति के रंगों से रंगा। इसके उपरान्त श्रद्धालुओं ने एक दूसरे पर रंग डालकर होली की शुभकामनाएं दीं।

अलौकिक और सतरंगी फूलों से श्रंगारित झूले में झोंटे लेते राधा-कृष्ण झूले के दर्शन को हर भक्त उत्साहित नजर आया। हरिनाम संकीर्तन पर झूमते नाचते भक्तों ने होली के उत्सव का खूब आनन्द लिया। सर्वप्रथम सभी भक्तों ने भगवान के चरणों में रंगों को अर्पण कर एक दूसरे के रंग लगाया। फाग पूर्णिमा के दिन भगवान को ठंडाई, मठरी व गुंजिया जैसे व्यंजनों का भोग लगाया गया। होली के गीतों पर भक्तजनों ने भगवान की भक्ति में डूबकर खूब नृत्य किया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से ओमप्रकाश अग्रवाल, राजीव मल्होत्रा, राजेश उपाध्याय, संजय कुकरैजा, अदिति गौरांगी, शशांक, विश्वास, शैलेश बंसल, नमन आदि उपस्थित थे।

कल होगा गौर पूर्णिमा महामहोत्सव
कमला नगर स्थित श्रीगन्नाथ मंदिर में 3 मार्च को ग्रहण के उपरान्त रात 7.30 बजे गौर पूर्णिमा महामहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें चैतन्य महाप्रभु का अभिषेक, संकीर्तन व विशेष श्रंगार के दर्शन होंगे। ग्रहण के कारण दिन में मंदिर के पट बंद रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button