
मनोहर समाचार आगरा। शाहगंज स्थित चारबाग गली में कम्युनिटी डॉग्स को खाना खिलाने वाली शालू और उनकी मां सुमन पर पड़ोसियों द्वारा बेरहमी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुत्तों को खाना खिलाने से नाराज पड़ोसी सोनू, नीतू, नीरज व अन्य ने लोहे की रॉड-डंडों से मां-बेटी और कुत्तों को पीटा। इस हमले में एक कम्युनिटी डॉग की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पीड़िता शालू ने बताया, “26 जून 2026 को शिकायत के बाद केदार नगर चौकी के अधिकारी देव द्विवेदी ने राजनीतिक दबाव वाले मनीष की मदद से आरोपी सोनू को छुड़वा दिया और हमसे जबरन समझौते पर हस्ताक्षर कराए। 29 जून को सभी पड़ोसियों ने मिलकर मेरी मां को बेरहमी से पीटा।”
पीड़िताओं ने अपर पुलिस आयुक्त, आगरा अली अब्बास को लिखित शिकायत, ज्ञापन दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त अली अब्बास ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। पशु क्रूरता और नगर निगम कर्मियों से अभद्रता के मामले को गंभीरता से लिया गया है।
मामले का संज्ञान लेते हुए कैस्पर होम्स की संस्थापक व पशु कल्याण कार्यकर्ता विनीत अरोड़ा ने तुरंत नगर निगम को सूचित किया। उनकी सूचना पर नगर निगम की टीम ABC Rules 2023 के तहत कुत्तों को पकड़ने व नसबंदी के लिए 1जून को क्षेत्र में पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों ने नगर निगम कर्मचारियों से भी अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की।
विनीत अरोड़ा ने कहा, “पशु क्रूरता के मामले शहर में लगातार बढ़ रहे हैं और शासन-प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। संविधान के अनुच्छेद 51A(g) के तहत पशुओं की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। नगर निगम की टीम के साथ बदसलूकी दिखाती है कि आरोपी कानून से नहीं डरते। कैस्पर होम्स इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।”
1 जुलाई को भी 2026 को नीतू और नीरज ने नगर निगम की टीम व शालू उनकी मां के साथ अभद्र व्यवहार किया। पीड़िताओं को अपने परिवार के साथ अनहोनी की आशंका है और उन्होंने पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
इस दौरान गौ रक्षक दल आगरा अध्यक्ष रामकृष्ण गोस्वामी, श्वेता चावला, वंदना दुबे, तरुण चौधरी, सोनू कुशवाह, लखन पलवाल आदि उपस्थित रहे।





