धर्म

Agra : “राम नाम की धुन पर झूमे श्रद्धालु, हनुमंत जन्मोत्सव पर सजी भजन संध्या”

तपस्या फाउंडेशन ट्रस्ट ने किया श्री हनुमंत जन्मोत्सव के उपलक्ष में श्री राम संकीर्तन और भजन संध्या का आयोजन

मनोहर समाचार, आगरा। श्री हनुमंत जन्मोत्सव के पावन अवसर पर तपस्या फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में आयोजित श्री राम नाम संकीर्तन एवं भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे। कार्यक्रम स्थल पर विशेष “राम उपवन” सजाया गया, जिसमें प्रभु श्री राम के जीवन चरित्र को अपनी तूलिका के माध्यम से संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी द्वारा सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मंत्रोच्चारण, संकीर्तन और मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल, मेयर हेमलता दिवाकर, लायंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र चौहान, संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी, संरक्षक नितिन कोहली, मार्गदर्शक आचार्य पंडित सुनील कुमार वशिष्ठ द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी ने कहा कि हनुमान जी भक्ति, शक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची श्रद्धा और सेवा भाव से हर बाधा को पार किया जा सकता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को धर्म व संस्कारों से जोड़ने का कार्य होता है।

संरक्षक नितिन कोहली ने कहा कि राम नाम संकीर्तन मन को शांति और आत्मा को संतुलन प्रदान करता है। हनुमान जी की आराधना से व्यक्ति में आत्मविश्वास, साहस और सेवा भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकता को भी मजबूत बनाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान भव्य राम दरबार दर्शन, मंत्र उच्चारण एवं श्री राम नाम संकीर्तन के पश्चात भजन गायक पंडित मोहन शर्मा ने अपनी मधुर वाणी में भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

उन्होंने भक्ति रस से परिपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया, जिनमें “जय हनुमान ज्ञान गुण सागर…”, “राम सिया राम, सिया राम जय जय राम…”
“पवन तनय संकट हरन, मंगल मूरति रूप…”, “श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में…”, “तेरे जैसा राम भक्त कोई नहीं संसार में…”, “बजरंगबली की जय, सब संकट हरने वाले…” जैसे भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूम उठे और भक्ति में लीन होकर नृत्य करने लगे। पूरा वातावरण “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के उद्घोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में अभिनव मौर्या, सचिन चतुर्वेदी, परमवीर चाहर, सुभाष मिड्डा, हृदयेश वनवानी, आस्था वनवानी, अनु ग्वालानी, अंकित मौर्य, उत्तम दिवाकर, मुकेश नेचुरल आदि उपस्थित रहे। व्यवस्था मोहित दिवाकर, प्रियंका अग्रवाल, दिव्यांश सक्सैना, प्रभात सोनी ने संभाली। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button