धर्म

Agra : हरिनाम संकीर्तन संग 17 मई से शुरू होगी मूल श्रीमद्भागवत कथा

सूर्य नगर में सजेगा श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव, प्रभात फेरी से होगा शुभारंभ

मनोहर समाचार, आगरा। इस्कॉन आगरा एवं राधा सखी ग्रुप के संयुक्त संयोजन में 17 मई से 24 मई तक समाधि पार्क, सूर्य नगर में श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन श्री जगन्नाथ जी मंदिर में श्रद्धापूर्वक सम्पन्न हुआ।

राधा सखी ग्रुप की संस्थापक अशु मित्तल ने बताया कि 17 मई से 23 मई तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक मूल श्रीमद्भागवत कथा का वाचन होगा, जिसमें भागवत के मूल स्वरूप का श्रवण कराया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रीकृष्ण भक्ति, धर्म, जीवन मूल्यों और आध्यात्मिक संदेशों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। प्रतिदिन कथा आरंभ से पूर्व हरिनाम संकीर्तन एवं नाम-जप होगा तथा समापन भी संकीर्तन के साथ ही किया जाएगा।

मोनिका अग्रवाल ने बताया कि 17 मई को प्रातः 6:00 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से क्षेत्रवासियों को कथा महोत्सव का निमंत्रण दिया जाएगा। इसके बाद सायं 4 बजे हरिनाम संकीर्तन के साथ कथा का शुभारंभ होगा। विशेष रूप से इस्कॉन मंदिर फरीदाबाद से भक्ति मंडली आगरा आएगी, जो पूरे आयोजन में संकीर्तन एवं भक्ति कार्यक्रमों में सहभागिता करेगी।

अरविंद स्वरूप प्रभु ने बताया कि कथा व्यास सार्वभौम प्रभु होंगे, जो वृंदावन से पधार रहे हैं। उनका जन्म सिंध प्रांत पाकिस्तान के ब्राह्मण परिवार में हुआ था। विभाजन के बाद वे अपने माता-पिता के साथ भारत आए। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में एमबीबीएस एवं एमडी की शिक्षा प्राप्त की। लगभग 50 वर्षों से श्रीकृष्ण भक्ति का प्रचार-प्रसार करने वाले सार्वभौम प्रभु वर्तमान में 75 वर्ष की आयु में भी पूर्ण समर्पण के साथ वैदिक ज्ञान और भक्ति का प्रसार कर रहे हैं। उनकी कथा शैली जीवन के व्यवहारिक पक्षों से जुड़ी हुई है, जिससे श्रोता सहज रूप से भागवत संदेश को आत्मसात कर सकें।

24 मई को हवन, यज्ञ एवं भंडारे के साथ कथा महोत्सव का भव्य समापन होगा। आयोजन समिति ने अधिकाधिक श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

आमंत्रण पत्र विमोचन अवसर पर अदिति गौरांगी, शाश्वत नंदलाल दास, मोनिका अग्रवाल, शिखा सिंघल, नीलू सिंघल, ज्योति, रीता खन्ना आदि उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button