Agra : गुरुद्वारा गुरु का बाग में नए प्रधान का चयन, संगत में उत्साह

मनोहर समाचार, आगरा। मधु नगर स्थित गुरुद्वारा गुरु का बाग में आज बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और धार्मिक वातावरण के बीच गुरु की हज़ूरी में संगत द्वारा नए प्रधान का चयन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धन-धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन हज़ूरी में कीर्तन से हुई, जिसमें कीर्तनकार वीर जप सिंह ने गुरबाणी की अमृतमई गुरवाणी से संगत को भावविभोर कर दिया। बोले सो निहाल सतश्री अकाल के जयकारों से पूरा गुरुद्वारा परिसर गूंज उठा।

हाजिर-नाज़िर, जागती जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष सर्वसम्मति से सरदार अरजिंदरपाल सिंह को दो वर्ष के लिए गुरुद्वारा गुरु का बाग, मधु नगर का मुख्य सेवाधार (प्रधान) चुना गया। संगत ने गुरु महाराज के चरणों में अरदास की कि वे उन्हें निरोगी काया, उत्तम स्वास्थ्य और सेवा-भाव प्रदान करें, ताकि वे गुरु घर की सेवा निष्ठापूर्वक कर सकें।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान भाई नरेंद्र सिंह लालिया सहित समस्त संगत ने प्रधान अरजिंदरपाल सिंह का पुष्पमालाओं से सम्मान कर गुरु की हज़ूरी में भव्य स्वागत किया। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उल्लासपूर्ण रहा।
समारोह के दौरान भाई ज्ञानी रविंदर सिंह द्वारा विशेष अरदास की गई तथा गुरु घर की चढ़दी कला और नई सेवाधारी टीम की सफलता की कामना की गई।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नरेंद्र सिंह लालिया, मलकीत सिंह, गुरुसेवक श्याम भोजवानी, जसबीर सिंह, अरविंदर पाल सिंह, अमरजीत सिंह वाधवा, राजबीर सिंह, मनजीत सिंह, गुरविंदर सिंह, रंजीत सिंह,मोनी वाधवा, किशन सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।
संगत ने इसे गुरु घर के लिए अत्यंत शुभ एवं सराहनीय निर्णय बताते हुए नए प्रधान के सफल कार्यकाल की कामना की।





