राजनीति

Agra : सुशासन की दिशा में बड़ा कदम: ब्रज क्षेत्र बैठक में पवन बंसल बने प्रदेश उपाध्यक्ष, व्यापारियों की समस्याओं पर उठी आवाज

मनोहर समाचार, आगरा। कर्मयोगी, कमला नगर स्थित टंकी वाला पार्क में आयोजित ब्रज क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक में सुशासन की संकल्पना, संगठनात्मक मजबूती और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में जहां नई नियुक्तियों की घोषणा की गई, वहीं व्यापारियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।

भारतीय जनता पार्टी के सुशासन तथा केंद्र-राज्य शासकीय संबंध विभाग द्वारा “सुशासन संकल्प एवं नियुक्ति घोषणा” को लेकर ब्रज क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को टंकी वाला पार्क, कर्मयोगी फुव्वारा, कर्मयोगी एन्क्लेव, कमला नगर में आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य विषय सुशासन की संकल्पना, संगठनात्मक सुदृढ़ता तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं सुशासन विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सूर्यकुमार शुक्ल द्वारा वंदे मातरम् के साथ किया गया।

इस अवसर पर पवन कुमार बंसल को सुशासन समिति का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की विधिवत घोषणा की गई। उन्हें मनोनयन पत्र सौंपते हुए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डॉ. सूर्यकुमार शुक्ला ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर शासन-प्रशासन से जुड़ी समस्याओं को जाना।

संवाद के दौरान पवन कुमार बंसल ने नगर निगम द्वारा सराफा कारोबारियों सहित अन्य व्यापारियों पर प्रस्तावित ट्रेड टैक्स का मुद्दा उठाया और व्यापारियों के कड़े विरोध से अवगत कराया। इस पर डॉ. शुक्ला ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस प्रकार के किसी शुल्क या ट्रेड टैक्स की जानकारी नहीं है और न ही प्रदेश या केंद्र सरकार द्वारा ऐसा कोई आदेश उनके संज्ञान में आया है।

उन्होंने कहा कि देशभर के भ्रमण के दौरान कहीं भी नगर निगम या पालिका द्वारा इस तरह का शुल्क लागू होते नहीं देखा गया। उन्होंने आगरा नगर निगम द्वारा ऐसे प्रस्ताव को व्यापारियों के हितों के विरुद्ध बताते हुए सभी व्यापार मंडलों से एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया।

डॉ. शुक्ल ने पवन बंसल को जिम्मेदारी सौंपते हुए निर्देश दिए कि विधिक सलाह लेकर एक ज्ञापन तैयार किया जाए और उसे संबंधित मंत्री व मुख्यमंत्री को सौंपा जाए, ताकि इस प्रकार के निर्णय को लागू होने से पहले ही रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नौकरशाही के बढ़ते प्रभाव के कारण कई बार जनसमस्याएं समाधान की बजाय और जटिल हो जाती हैं। सुशासन का अर्थ है ऐसा शासन जहां किसी को भी अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

डॉ. शुक्ल ने यह भी कहा कि सुशासन समिति अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करेगी, जबकि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए समिति सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि, पेंशन, आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पवन बंसल ने बताया कि सुशासन समिति कार्यालय पर प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आमजन की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में सत्यम शर्मा को जिला संयोजक नियुक्त किए जाने की घोषणा भी की गई।

इस अवसर पर एसीपी एलआईयू दिनेश चंद्र अग्रवाल, भाजपा युवा मोर्चा शहर अध्यक्ष शैलू पंडित, कर्मयोगी वेलफेयर सोसाइटी के सचिव संजय गुप्ता, संचित गर्ग,
संजय अग्रवाल तोती भाई, सचिन अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, मनोज गर्ग, निषाद समाज से पंडित बनी सिंह आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button