धर्म

Agra : भक्त की पुकार पर स्वयं आते हैं भगवान, वराह अवतार प्रसंग से भावविभोर हुए श्रद्धालु

मनोहर समाचार, आगरा। इस्कॉन आगरा एवं राधा सखी ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में समाधि पार्क में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के तृतीय दिवस भक्तों ने मूल श्रीमद्भागवत के दिव्य प्रसंगों का श्रवण कर भक्ति रस का अनुभव किया। कथा का शुभारंभ हरे कृष्ण महामंत्र संकीर्तन से हुआ और समापन भी हरिनाम संकीर्तन के साथ हुआ। कथा स्थल पर श्रद्धालु संकीर्तन की धुन पर झूमते हुए भक्ति में लीन दिखाई दिए।

कथा व्यास सार्वभौम प्रभु ने वराह अवतार एवं हिरण्याक्ष वध, दक्ष यज्ञ, ध्रुव चरित्र तथा पुरंजन उपाख्यान का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जीव को भगवान की शरण में ले जाने वाली दिव्य धारा है। भगवान जब-जब धर्म की रक्षा और भक्तों के कल्याण के लिए अवतरित होते हैं, तब संसार को यह संदेश देते हैं कि भक्त की रक्षा स्वयं ईश्वर करते हैं। वराह अवतार के प्रसंग में उन्होंने बताया कि जब अधर्म बढ़ता है, तब भगवान अपने भक्तों और पृथ्वी की रक्षा के लिए प्रकट होते हैं।

ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि बालक ध्रुव ने अपमान को भी भक्ति का माध्यम बनाया और अखंड तपस्या के द्वारा भगवान को प्राप्त किया। यह प्रसंग सिखाता है कि अटूट विश्वास, धैर्य और एकाग्र भक्ति से असंभव भी संभव हो जाता है। पुरंजन उपाख्यान के माध्यम से उन्होंने समझाया कि मानव शरीर क्षणभंगुर है और आत्मा का वास्तविक कल्याण केवल भगवान के स्मरण में है। सांसारिक मोह और अहंकार जीव को बांधते हैं, जबकि भक्ति उसे मुक्त करती है। उन्होंने कहा कि शरीर को नौ द्वार वाला नगर बताया गया। जिसके भीतर पूरा ब्रह्मांड है।

राधा सखी ग्रुप की संस्थापिका अशु मित्तल ने बताया कि कथा महोत्सव में शास्त्र के मूल स्वरूप और वैदिक संदेशों को सरल, सहज एवं भक्तिमय शैली में प्रस्तुत किया जा रहा है। बुधवार को कथा महोत्सव के चतुर्थ दिवस राजा प्रियव्रत का वंश, अजामिल उद्धार एवं प्रह्लाद चरित्र का वर्णन होगा। इन प्रसंगों के माध्यम से भक्तों को भगवान के नाम की महिमा, सच्चे पश्चाताप और निष्कपट भक्ति का संदेश दिया जाएगा।

अरविंद स्वरूप प्रभु ने बताया कि प्रतिदिन कथा का शुभारंभ और विश्राम हरे कृष्ण महामंत्र संकीर्तन के साथ हो रहा है। कथा स्थल पर श्रद्धालु नाम-जप, भजन और संकीर्तन के माध्यम से श्रीकृष्ण भक्ति में डूब रहे हैं। आयोजन समिति ने अधिकाधिक श्रद्धालुओं से कथा में सहभागिता कर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

कार्यक्रम में अदिति गौरंगी, मोनिका अग्रवाल, रीता खन्ना, लवली कथूरिया, संजीव मित्तल, रेनू भगत, मीनाक्षी मोहन, ज्योति, रेशमा मगन, रेनू लांबा, तनुजा मांगलिक, डॉ अपर्णा पोद्दार, डॉ परिणीता बंसल, शिखा सिंघल आदि उपस्थित रहीं।

फोटो कैप्शन सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में राधा सखी ग्रुप एवं इस्कॉन आगरा द्वारा आयोजित श्री मद्भागवत कथा महोत्सव में कथा व्यास सार्वभौम प्रभु श्रीमद्भागवत कथा का अमृतमय प्रवचन करते हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button