Agra : 8 फरवरी को गांधीनगर पार्क में होगा ओजस्वी संतों, कवियों और विचारकों का महाकुंभ

मनोहर समाचार, आगरा। आस्था, राष्ट्रचिंतन और सनातन मूल्यों के संरक्षण की भावना के साथ विवेकानंद हिंदू सम्मेलन समिति द्वारा आयोजित होने जा रहे विराट हिंदू सम्मेलन के आमंत्रण पत्र का विमोचन एवं प्रेस वार्ता नेहरू नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर में श्रद्धा और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह के संयोजक महंत अनंत उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विराट आयोजन 8 फरवरी (शनिवार) को प्रातः 10:30 बजे, गांधीनगर पार्क, गांधीनगर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में वंशीवट पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर जयराम दास महाराज तथा मोहनी शरण महाराज (वृंदावन) सनातन धर्म, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के विषय पर ओजपूर्ण संबोधन देंगे।
नगर प्रचारक डॉ. इंद्रप्रकाश सोलंकी ने कहा कि विराट हिंदू सम्मेलन स्वामी विवेकानंद की विचारधारा से प्रेरित है। उन्होंने धर्मांतरण जैसे विषयों पर स्वामी विवेकानंद के स्पष्ट विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को आत्मबोध, आत्मगौरव और सांस्कृतिक जागरण की आवश्यकता है, जिसे यह सम्मेलन सशक्त रूप से आगे बढ़ाएगा।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए सतीश गुप्ता (इंजीनियर) ने बताया कि सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय कवयित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी एवं लटूरी लट्ठ अपनी ओजस्वी काव्य-रसधारा से श्रोताओं को भावविभोर करेंगे। उन्होंने बताया कि इस विराट आयोजन में ढाई हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति की संभावना है।

श्री कृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि पूर्वी क्षेत्र में यह आयोजन हिंदू समाज को संगठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद की विचारधारा को आधार मानते हुए कहा कि यह सम्मेलन हिंदू चेतना को जाग्रत करने और नवीन सनातनी भारत की कल्पना को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से विराट हिंदू सम्मेलन में सहभागिता करने का आह्वान किया। इस अवसर पर मनोज अग्रवाल, अपूर्वा सिंह आदि उपस्थित रहे।





