Agra : सनातन एकता और राष्ट्र चेतना का संगम बना कमला नगर सम्मेलन
विराट हिंदू सम्मेलन में जाति नहीं, सिर्फ हिंदू बनो का दिया संदेश

सक्रिय नहीं तो हिंदू नहीं
मनोहर समाचार, आगरा। देशभक्त, जागरूक, समझदार और स्वाभिमानी होने के साथ-साथ हिंदुओं का सक्रिय होना अनिवार्य है। यदि हिंदू सक्रिय नहीं है, तो उसका कोई महत्व नहीं है। आज पूरी दुनिया हिंदुत्व को जानने-समझने लगी है। ये उद्गार कमला नगर विराट हिंदू सम्मेलन के तत्वावधान में सत्यम पार्क में आयोजित सम्मेलन में मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश कुमार ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज 60 से अधिक देशों में संघ की शाखाएं संचालित हो रही हैं और वहां भी भारत माता की जय के उद्घोष गूंजते हैं। हमारा लक्ष्य राष्ट्र को परम वैभव और सर्वोत्तम स्तर तक पहुंचाना है।

मुख्य अतिथि मृदुलकांत शास्त्री ने कहा कि सनातनी समाज को धीरे-धीरे समाप्त करने के प्रयास हो रहे हैं। यदि अब भी हिंदू समाज नहीं जागा, तो इसके दुष्परिणामों के लिए हम स्वयं जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि भक्ति के साथ राष्ट्रवाद को जोड़ना होगा। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हम अपने व्यवसायों में इतने व्यस्त हैं कि उनके समर्थन में रैली तक नहीं निकाल पाये। हिंदुओं को ब्राह्मण, वैश्य, दलित और ठाकुर में बांटकर कमजोर किया जाता है, जबकि हमें केवल हिंदू बनकर एकजुट होना होगा। हमारे यहां जाति नहीं, बल्कि वर्ण व्यवस्था रही है। मंदिरों ने सदैव हिंदू समाज को जोड़ने का कार्य किया है। आज समाज को राष्ट्र कथा की आवश्यकता है और प्रत्येक हिंदू को शनिवार के दिन हनुमान चालीसा पाठ करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि साध्वी ब्रजकिशोरी ने कहा कि हमें जो संस्कार प्राप्त हुए हैं, वे मातृ शक्ति की देन हैं। मां सबसे बड़ी गुरु है और हिंदू समाज को आत्मचिंतन कर जागृत होने की आवश्यकता है। आचार्य विष्णुदत्त शास्त्री ने भी अपने विचार रखते हुए सनातन एकता का संदेश दिया।
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि सम्मेलन में कमला नगर क्षेत्र के हजारों लोगों ने भाग लिया। मंच से स्वदेशी अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ। संचालन श्रुति सिंघल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अध्यक्ष भारत महाजन ने दिया। इस अवसर पर आयोजन सचिव मुरारी प्रसाद अग्रवाल, पार्षद पंकज अग्रवाल, मुरारी लाल फतेहपुरिया, भानु महाजन, अमित अग्रवाल, पारुल, हरिओम गोयल, शशि कुमार अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, विश्वेन्द्र चौहान, नन्दी महाजन, सुरेश शाक्य, सुमन, प्रेरणा, दीपमाला, साधना, दिव्या, मोनिका, श्वेता, दीक्षा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





