धर्म

Agra : पुरुषोत्तम मास में अक्षय तृतीया मनोरथ: श्री श्याम बिहारी जी पर चंदन सेवा, शीतल भोग से रिझे ठाकुरजी

पुरुषोत्तम मास में 15 जून तक प्रतिदिन होंगे विविध मनोरथ उत्सव

मनोहर समाचार, आगरा। श्री प्रेमनिधि मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत चल रहे विशेष मनोरथ उत्सवों की श्रृंखला में मंगलवार को अक्षय तृतीया (आखा तीज) का उत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और पुष्टिभाव के साथ संपन्न हुआ। सेवित ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी को ग्रीष्म सेवा के अनुरूप मलयज चंदन धराकर, शीतल भोग समर्पित कर वैष्णवों ने दर्शन किए।

पुरुषोत्तम मास की मंगल बेला में मंदिर परिसर भक्ति-संवेदना से सराबोर रहा। ठाकुरजी के श्रीमुख पर मनोहर मुस्कान, श्रीअंग पर चंदन की सुगंध और ग्रीष्म सेवा के अनुरूप सजे स्वरूप ने वैष्णवों को भावविभोर कर दिया। मंगला से लेकर संध्या तक दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की निरंतर भीड़ उमड़ी और “श्रीकृष्ण शरणं मम” के कीर्तन से वातावरण गुंजायमान रहा।

मंदिर के मुख्य सेवाधिकारी हरि मोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में अक्षय तृतीया का विशेष महत्व है। इसी दिवस से ठाकुरजी की ग्रीष्मकालीन सेवा आरंभ होती है, जिसमें प्रभु को केवल शीतलता, सुख और विश्राम प्रदान करने की भावना रहती है।

मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि प्रभु को आज भारी वस्त्रों के स्थान पर झीने मलमल के श्वेत वस्त्र धराए गए। खस, गुलाब और केवड़ा सुगंधित इत्र अर्पित कर शीतल सेवा की गई। संध्या बेला में खस के बीजने से ठाकुरजी को हवा झलकर सुख पहुँचाया गया।

उत्सव के मुख्य चरण सेवक पंकज अग्रवाल ने बताया कि प्रभु को जौ-चना सत्तू, आम्रस, कैरी का पन्हा तथा नए कोरे मटके के शीतल जल का भोग समर्पित किया गया। पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार ऋतु अनुरूप भोग और सेवा से ठाकुरजी का लाड लड़ाया गया। राजभोग झांकी में सजे विविध शीतल प्रसाद ने भक्तों को विशेष आकर्षित किया।
सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि 17 मई से 15 जून तक पुरुषोत्तम मास में प्रतिदिन विविध मनोरथ उत्सव हो रहे हैं। बुधवार को दान उत्सव होगा।

इस अवसर पर आशीष बल्लभ, अंकित शर्मा, राजेश धाकड़, सागर शिवहरे, रानू पचौरी एवं अमित शर्मा ने व्यवस्था संभाली। भक्ति, राहुल, हिमांशु, बिट्टू, वंशिका, ख्याली राम आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button