Mathura/Govardhan : भक्ति की अग्नि में पगी सेवा, गिरिराज महाराज के छप्पन भोग मनोरथ का हुआ भट्टी पूजन
गोवर्धन में दिव्य छप्पन भोग महोत्सव की तैयारी हेतु भट्टी पूजन संपन्न

मनोहर समाचार, आगरा। श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा द्वारा 21 और 22 दिसंबर को आयोजित होने वाले दिव्य छप्पन भोग महोत्सव की तैयारियों के क्रम में गोवर्धन की पावन धरा पर भट्टी पूजन श्रद्धा, विधि–विधान और वैष्णव परंपरा के अनुरूप संपन्न हुआ। भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण में जैसे ही पूजन की अग्नि प्रज्वलित हुई, संपूर्ण परिसर “जय गिरिराज महाराज” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।

भट्टी पूजन का शुभारंभ हरगोविंद महाराज के सानिध्य में श्री गिरिराज महाराज के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। पूजन के माध्यम से ठाकुर जी से आगामी महोत्सव के निर्विघ्न, शुद्ध और मंगलमय आयोजन की कामना की गई।

चरण सेवक अजय गोयल और मनोज कुमार गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि “भट्टी पूजन के साथ ही छप्पन भोग प्रसादी निर्माण की आध्यात्मिक शुरुआत हो गई है और यह संपूर्ण आयोजन सेवा, समर्पण और भक्ति का अनुपम उदाहरण बनेगा।”

श्यामसुंदर माहेश्वरी और पवन कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि “श्री गुरु काष्र्णि आश्रम, बड़ी परिक्रमा मार्ग, आन्योर, गोवर्धन में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय दिव्य छप्पन भोग मनोरथ वैष्णव परंपरा के अनुरूप पूर्ण शुद्धता, सेवा और श्रद्धा के साथ संपन्न होगा।”

उन्होंने बताया कि “महोत्सव में 21 दिसंबर को गोवर्धन महाराज की परिक्रमा चांदी के पात्र से दुग्ध की अविरल धार के साथ की जाएगी। महिलाओं द्वारा चांदी के कलश लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।”
22 दिसंबर को ठाकुर जी का श्रृंगार हीरे के हार, 11 किलो वजनी 3.30 फुट ऊंचे चांदी के छत्र, चांदी की छड़ी एवं गरुड़ ध्वज रथ पर विराजमान स्वरूप में किया जाएगा। ठाकुर जी को 11 किलो के चांदी के थाल में छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे तथा अमृततुल्य दूध चांदी के पात्रों में अर्पित होगा। 501 साधुओं की सेवा के बाद महा प्रसादी का आनंद हजारों भक्त लेंगे। आयोजन के लिए आगरा से 80 बसे चलेंगी जोकि भक्तों को निःशुल्क गोवर्धन ले जाएंगी।
भट्टी पूजन अवसर पर अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्यामसुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, कन्हैयालाल, मनोज गोयल, राकेश सिंघल, मोनू भाई, सुनील मित्तल, पीयूष जैन, आरके श्रोतिया, सचिन गोयल, बंटू भाई आदि उपस्थित रहे।





