धर्म

Agra : संजय प्लेस में गूंजा हरिनाम, रथयात्रा महोत्सव के लिए भक्तों ने दिया आमंत्रण

मनोहर समाचार, आगरा। श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव को लेकर शहर में आध्यात्मिक वातावरण बनना शुरू हो गया है। बुधवार को संजय प्लेस क्षेत्र हरिनाम संकीर्तन और भक्ति संगीत से सराबोर नजर आया। कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर के श्रद्धालुओं ने संकीर्तन यात्रा निकालकर शहरवासियों को 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। यात्रा के दौरान भक्तों के मुख पर हरिनाम और सिर पर भगवान के विग्रह स्वरूप विराजमान थे। मृदंग, ढोलक और मंजीरों की मधुर ध्वनि पर श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ नृत्य और संकीर्तन करते हुए आगे बढ़े।

आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ संजय प्लेस स्थित आजाद पेट्रोल पंप से हुआ। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप के मार्गदर्शन में निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। यात्रा जिस मार्ग से होकर गुजरी, वहां लोगों ने अपने दैनिक कार्यों को कुछ समय के लिए छोड़कर हरिनाम संकीर्तन में सहभागिता की। कई श्रद्धालु स्वयं भी यात्रा में शामिल होकर नृत्य करते और भगवान का गुणगान करते दिखाई दिए।

6

वातावरण “हरि बोल” और “जय जगन्नाथ” के उद्घोषों से गूंजता रहा। भगवान जगन्नाथ के लिए विशेष रूप से तैयार की गई खिचड़ी का प्रसाद भी श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। अरविन्द स्वरूप ने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाली रथयात्रा में आगरा मंडल के विभिन्न जिलों के अलावा यूक्रेन, रूस, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों तथा भारत के विभिन्न राज्यों से भी श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि भक्तजन बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से भगवान के रथ को रस्सियों के माध्यम से खींचते हुए कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर तक लेकर आएंगे। यह यात्रा श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अनूठा संगम होगी।

इस अवसर पर मुख्य रूप से विकास बंसल, नितेश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, दीपक, प्रह्लाद अग्रवाल, विपिन रमेश यादव, हर्ष खटाना, ऋषभ, राजीव मल्होत्रा, सूरज, नवीन अग्रवाल, शाश्वत नन्दलाल आदि उपस्थित थे।

नयन उत्सव आज, 14 दिन बाद भक्तों को दर्शन देंगे श्रीहरि
आगरा। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र 14 दिनों के विश्राम और विशेष उपचार के बाद 14 जुलाई को पुनः भक्तों को दर्शन देंगे। परंपरा के अनुसार स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान अस्वस्थ माने जाते हैं और इस अवधि में उन्हें विशेष काढ़े तथा अन्नरहित भोग अर्पित किया जाता है। स्वस्थ होने के उपरांत भगवान पुनः रत्नवेदी सिंहासन पर विराजमान होंगे। नयन उत्सव में दोपहर 12 बजे भगवान के पट खेलेंगे। इसके उपरान्त मंदिर में शाम 4 बजे से भक्तों को दर्शन प्रारंभ होंगे। इस अवसर पर आकर्षक फूल बंगला, छप्पन भोग और विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 16 जुलाई को दोपहर 3 बजे बल्केश्वर स्थित महादेव मंदिर से भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button