धर्म

Agra : श्रीकृष्ण लीला समिति की कमान फिर मनीष अग्रवाल के हाथों में, लगातार दसवीं बार बने अध्यक्ष

अगले पांच वर्षों के लिए सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन, नई कार्यकारिणी गठन का मिला अधिकार

मनोहर समाचार, आगरा। श्रीकृष्ण लीला समिति की वॉटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित बैठक में वरिष्ठ उद्योगपति एवं समाजसेवी मनीष अग्रवाल को सर्वसम्मति से अगले पांच वर्षों के लिए निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वर्ष 2017 से लगातार अध्यक्ष पद का दायित्व निभा रहे मनीष अग्रवाल को यह जिम्मेदारी लगातार दसवीं बार सौंपी गई है। बैठक में उन्हें नई कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों के चयन का पूर्ण अधिकार भी प्रदान किया गया।

शहर के न्यू मार्केट स्थित प्रतिष्ठित सीमेंट व्यवसायी एवं नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के दो बार अध्यक्ष रह चुके मनीष अग्रवाल के निर्वाचन पर उपस्थित सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा कि यह पूरे व्यापारिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि उनके पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल को लगातार दसवीं बार समिति का अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति से अगले पांच वर्षों के लिए उनका निर्वाचन उनकी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और लोकप्रियता का प्रमाण है।

लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा ने भी मनीष अग्रवाल को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में समिति के प्रति जो विश्वास और सहयोग मिला है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में श्रीकृष्ण लीला को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा तथा इसे केवल धार्मिक आयोजन न बनाकर पूरे शहर का सांस्कृतिक महोत्सव बनाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में नेशनल चैंबर अध्यक्ष मनोज बंसल, पीतांबरा मंदिर के महंत अनंत उपाध्याय, आदर्श नंदन गुप्ता, विजय रोहतगी, शेखर गोयल, मनोज कुमार गुप्ता (लिंकर), अशोक गोयल, गिर्राज बंसल, राजीव अग्रवाल, ब्रजेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, संजय गर्ग, धर्मेंद्र गर्ग बॉबी, पंकज मोहन शर्मा, विनीत, लक्ष्मण शर्मा, केके अग्रवाल, अनूप गोयल, जवाहर लाल, वीरेंद्र गोयल, मनोज गोयल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button