Agra : श्री राधाकृष्ण मंदिर पंचवटी में श्रद्धा व उत्साह से मनाई दशमी वर्षगांठ

मनोहर समाचार, आगरा। श्री राधाकृष्ण मंदिर, पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी ताजनगरी मंदिर की दशमी वर्षगांठ बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस पावन अवसर पर पंचवटी महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सद्भावना कॉलोनी के 580 परिवारों ने सहभागिता कर धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राधे-राधे की गूंजती जय-जयकार के बीच हुआ। मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं को भव्य एवं आकर्षक पोशाकें धारण कराई गईं। संपूर्ण मंदिर परिसर को अद्भुत एवं मनोहारी फूल बंगले से सजाया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा। मुख्य पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान पं. गिरीश उपाध्याय जी द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए गए। इसके पश्चात आयोजित हवन-यज्ञ में सभी परिवारों ने बारी-बारी से आहुतियां देकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

भव्य महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारो भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पंचवटी कॉलोनी के संरक्षक एवं समाजसेवी श्याम भोजवानी का विशेष योगदान सराहनीय रहा। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी सेवादारों, महिला मंडल एवं पंचवटी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करते हैं। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन महिला मंडल द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया तथा भक्तों ने इसे एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बताया।
मुख्य रूप से सेवा मे सुमन चाहर, रणवीर चाहर, चांदनी भोजवानी, श्याम भोजवानी, स्वाति मेहंदीरत्ता, पुनीत मेहंदीरत्ता, आरपी राजपूत, गीता आहूजा, सुमन यादव, कंचन चौधरी, स्वीटी, मंजू दत्ता, जुली गुप्ता, रोजी, संजू, मंजू, ममता, मधु, लक्ष्मी, मंजू राजकुमारी, प्रभा, उषा, कुसुम, नीरू, कविता, राधा, रानी, रमबी, अंबिका, रोली, शिखा, ऋचा, शिल्पा, ज्योति, आशा, बीना, सुलेखा, सरिता, सुनीला, जया, बिंदिया, मोनिशा, शेलजा, आकांशा आदि उपस्थित रहीं।





