Agra : सरकारी भूमि पर कचरा फेंकने वालों पर हो कठोर कार्रवाई-श्याम भोजवानी

मनोहर समाचार, आगरा। विक्टोरिया पार्क क्षेत्र और ऐतिहासिक लाल किले के मध्य स्थित खाली सरकारी भूमि पर असामाजिक तत्वों द्वारा खुलेआम कचरा फेंके जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहाँ लगातार फैलाई जा रही गंदगी और कचरे के ढेर के कारण स्थानीय निवासियों और व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत व्याप्त है।

सुरक्षा को खतरा
स्थानीय लोगों मानें तो, कुछ लोग और आसपास कारोबार करने वाले व्यक्ति नियमित रूप से प्लास्टिक, नारियल के खोखे व अन्य अपशिष्ट पदार्थ इस स्थान पर डाल रहे हैं। यह स्थान चारों ओर से गेट से घिरा होने के बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन कचरा फेंका जा रहा है। हाल ही में वहाँ कचरे में आग लगने की घटना भी सामने आई है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। निवासियों ने चिंता जताई है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। विशेष रूप से, उस स्थल के ठीक नीचे से मेट्रो मार्ग गुजरने के कारण यह स्थिति और भी अधिक संवेदनशील और खतरनाक हो गई है।

प्रशासन से मांग
स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्धजनों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से कदम उठाने की मांग की है।
इस सरकारी भूमि के गेट को स्थायी रूप से सील किया जाए, ताकि अनधिकृत प्रवेश रोका जा सके।
गंदगी फैलाने वाले दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।

समाजसेवी की अपील
इस विषय पर समाजसेवी श्याम भोजवानी ने कड़ा रुख अपनाते हुए नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा, “थोड़ी सी लापरवाही और असावधानी किसी बड़े हादसे को दावत दे सकती है। यह भूमि हमारे शहर की विरासत और सुरक्षा से जुड़ी है, इसलिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। स्वच्छ और सुरक्षित आगरा के लिए कचरा प्रबंधन का सही पालन अनिवार्य है और प्रशासन को इस लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी चाहिए।”





