धर्म

Agra : श्री प्रेमनिधि मंदिर में ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी का दिव्य ज्येष्ठाभिषेक, सुगंधित यमुना जल से हुआ महास्नान

साकार हुआ यमुना जल घट भर चली चंद्रावल नार... पद का भाव

मनोहर समाचार, आगरा। नाई की मंडी स्थित ऐतिहासिक श्री प्रेमनिधि मंदिर में भक्त प्रेमनिधि जी के सेवित ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविंद) जी महाराज का दिव्य ज्येष्ठाभिषेक महोत्सव रविवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। इस अलौकिक अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण, वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि से गुंजायमान हो उठा।

महोत्सव की तैयारियां शनिवार रात्रि से ही प्रारंभ कर दी गई थीं। ठाकुर जी के शयन के पश्चात साक्षात् श्री यमुना जी के स्वरूप-जल को कोरे मटकों में भरकर विभिन्न दिव्य सुगंधित द्रव्यों से अधिवासित किया गया। रविवार प्रातः वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज का भव्य ज्येष्ठाभिषेक आरंभ हुआ।

सुगंधित एवं शीतल यमुना जल से महास्नान के दौरान ठाकुर जी ने भक्तों को मनोहारी व्रजराज स्वरूप में दर्शन दिए। केसरयुक्त स्नान-जल के प्रभाव से प्रभु के उज्ज्वल श्वेत वस्त्र पीतवर्ण में परिवर्तित हो गए। इस अनुपम दृश्य ने मंदिर परिसर को दिव्य आभा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। भक्तजन पूरे समय जयघोष और भजन-कीर्तन के बीच इस दुर्लभ उत्सव के साक्षी बने।
मुख्य सेवाधिकारी हरि मोहन गोस्वामी एवं सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि “यमुना जल घट भर चली चंद्रावल नार…” के पावन भाव को आत्मसात करते हुए ग्रीष्म ऋतु में प्रभु को शीतलता प्रदान करने की यह प्राचीन परंपरा सदियों से निभाई जा रही है। यह सेवा पुष्टिमार्गीय भक्ति परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है।

मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी की इस मनोहारी जल-क्रीड़ा और ज्येष्ठाभिषेक के दर्शन से भक्तों के मन की चिंताएं दूर होती हैं तथा उन्हें आध्यात्मिक शांति और परमानंद की अनुभूति प्राप्त होती है।

इस अवसर पर आशीष पचौरी, डीके वर्मा, सागर शिवहरे, राजेंद्र गुप्ता, मनोज गुप्ता, प्रार्थना गुप्ता, दीपक, रानू, शाहिल, आशीष अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button