Agra : नन्दोत्सव में पुष्पों से सजे पालने में बिराजे नन्द किशोर, माखन मिश्री का लगा भोग
श्रीजगन्नाथ मंदिर में पुरुषोत्तम माह में भक्ति भाव से आयोजित किया गया नन्दोत्सव

मनोहर समाचार, आगरा। भक्ति और श्रद्धा के आनन्द में डूबे श्रद्धालू, मृदंग और मंजीरों के साथ हरे राम, हरे कृष्णा संकीर्तन की बहती पावन गंगा। सतरंगी पुष्पों से सजा मंदिर और श्रीहरि का पालना। पालने में विराजमान यशोदा के लाला को हर भक्त झोंटे देने को उत्साहित और ललायित था। कुछ इसी भक्ति भाव के साथ कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में पुरुषोत्तम माह में नन्दोत्सव का आयोजन किया गया। माखन मिश्री का भोग लगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर नंदलाल के जन्म की खुशियां मनाईं और भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

नंदोत्सव के तहत मंदिर में रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक विद्युत झालरों और पारंपरिक सजावट से मंदिर को मनमोहक रूप प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण का बाल स्वरूप रहा, जिन्हें सुंदर वस्त्रों एवं आभूषणों से अलंकृत कर विशेष रूप से सजे हुए पालने में विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं को भी ठाकुर जी के पालने को झुलाने का अवसर प्रदान किया गया। भक्तों ने बारी-बारी से पालना झुलाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की और नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोषों से मंदिर परिसर गूंज उठा। नंदोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन का भी विशेष आयोजन किया गया।

इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि कि पुरुषोत्तम मास में भगवान की भक्ति और सेवा का विशेष महत्व माना गया है। इस अवधि में किए गए धार्मिक कार्यों का अनेक गुना फल प्राप्त होता है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कान्ता प्रसाद अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, सुशील ग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशु मित्तल, शाश्वत नन्दलाल आदि उपस्थित थे।





