शिक्षा

Agra : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आगरा चैप्टर में विशेष कार्यक्रम

महिलाओं की नेतृत्व क्षमता और संतुलित जीवन पर जोर

मनोहर समाचार, आगरा । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नेहरू नगर स्थित कंपनी सेक्रेट्री ऑफ़ इंडिया आगरा चैप्टर की शाखा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, पेशेवर विकास और व्यक्तिगत जीवन में संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए गए।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में नोएडा से आईं सीएस प्रीति ग्रोवर उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में Independent Women Director की भूमिका, कॉर्पोरेट जगत में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी तथा Work-Life Balance जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं और संतुलित जीवन शैली अपनाकर वे अपने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन दोनों में सफलता प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सीएस श्रुति गुप्ता ने किया। इस दौरान सीएस निकिता और सीएस अनुप्रिया गोयल ने भी कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर आगरा चैप्टर के चेयरमैन अनुज अशोक अग्रवाल ने मुख्य वक्ता सीएस प्रीति ग्रोवर का स्वागत करते हुए उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में सीएस नीतू अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें आगरा के साथ-साथ मथुरा और इलाहाबाद से भी कई सदस्य ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से जुड़े और अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई, जिससे कार्यक्रम और अधिक व्यापक एवं सफल रहा।

कार्यक्रम के दौरान कई रोचक गेम्स और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें उपस्थित सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंत में केक कटिंग के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया और सभी सदस्यों को रिटर्न गिफ्ट्स देकर उनका सम्मान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button