Agra : श्रीहरि सत्संग की गूंज संग 151 जोड़ों ने किया सामूहिक एकादशी उद्यापन
दान-पुण्य के बीच तीन दिवसीय एकादशी उद्यापन समारोह का हुआ समापन

मनोहर समाचार, आगरा। श्री हरिबोल सेवा समिति की ओर से बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर परिसर में तीन दिवसीय 11वें सामूहिक एकादशी उद्यापन का समापन पर आरती, पूजन, आशीर्वाद, ब्राह्मण भोज व प्रसादी वितरण से हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण संग पवित्र अग्नि में सैकड़ों आहूति के साथ आचार्य विष्णु दत्त शास्त्री ने 151 यजमानों का एकादशी उद्यापन संपन्न कराया। आयोजन समिति ने अतिथि यजमानों एवं सभी पूजनीय ब्राह्मणों को भोज कराया। श्रीहरि के भक्तिमय संकीर्तन पर श्री हरिबोल सेवा समिति की सदस्याओं ने नृत्य कर भक्ति के खूब रंग बिखेरे।
संस्थापक भोलानाथ अग्रवाल ने बताया कि एकादशी उद्यापन कराने का मुख्य उद्देश्य है जो परिवार बढ़ती महंगाई, समय की कमी व अन्य कारणों से एकादशी व्रत उद्यापन करने में असमर्थ हैं। उनके लिए समिति ने सामूहिक एकादशी उद्यापन कार्यक्रम पिछले ग्यारह वर्ष से निरंतर किया जा रहा है। उद्यापन में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश से 151 जोड़ें सामूहिक उद्यापन में शामिल हुए।
अध्यक्ष केशव अग्रवाल ने कहा कि एकादशी व्रत रखने वाले श्रद्धालु अन्न का परित्याग कर फल, शाक, दूध, कन्द का प्रसाद ग्रहण करते है। इससे अनाज की बचत होती है, जो अन्न उपजाने जैसा ही महत्वपूर्ण ही है। कथा के उपरान्त विधि विधान के साथ गद्दी व कलश पूजन किया गया। एकादशी की सभी 26 अध्यायों का वर्णन करते हुए सभी कथाओं का महत्व बताया। सभी ब्राह्मणों को भोजन के उपरान्त दक्षिणा व उपहार देकर विदा किया गया। आयोजन की व्यवस्थाएं वरिष्ठ संरक्षक चंद्रेश गर्ग, उपाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, विनय वर्मा और योगेश गुप्ता ने संभाली। समापन पर सहयोगियों को मंच से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।





