Agra : 16 अगस्त को होगा आगरा व्यापार मंडल का चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर, 1500 यूनिट के रिकॉर्ड को तोड़ने का लक्ष्य
रक्तदान के नए कीर्तिमान की तैयारी, आगरा व्यापार मंडल ने किया पोस्टर विमोचन

-90 से अधिक व्यापारिक संस्थाओं के सहयोग से लगेगा विशाल रक्तदान शिविर
मनोहर समाचार, आगरा। आगरा व्यापार मंडल द्वारा व्यापारी संस्थाओं के सहयोग से आगामी 16 अगस्त को आयोजित किए जाने वाले चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर के पोस्टर का भव्य विमोचन शनिवार को होटल टेम्पटेशन, कमला नगर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। यह रक्तदान शिविर रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, चिम्मन चौराहा में आयोजित होगा।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. प्रशांत गुप्ता, प्रधानाचार्य, एसएन मेडिकल कॉलेज, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी तथा विशिष्ट अतिथि अखिलेश अग्रवाल, महामंत्री लोकहितम ब्लड बैंक रहे। कार्यक्रम में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रक्तदान शिविर में 1500 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। इस वर्ष संगठन अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने के लक्ष्य के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। रक्तदान शिविर में लोकहितम ब्लड बैंक सहयोगी संस्था के रूप में सहभागिता करेगा।
उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व व्यापार मंडल के एक सदस्य को रक्त की अत्यधिक आवश्यकता पड़ी थी किंतु समय पर रक्त ना मिलने के कारण अनहोनी हो गई तब से हमने संकल्प लिया कि आगरा व्यापार मंडल रक्त की कमी कम से कम शहर में तो नहीं होने देगा।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल ‘रावी’ ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवा है। आगरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित यह विशाल रक्तदान शिविर समाज में सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग एवं व्यापार जगत के लोग हमेशा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। रक्तदान जैसे अभियान जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी उद्यमियों, व्यापारियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस महाअभियान को सफल बनाने का आह्वान किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष रक्तदान का नया कीर्तिमान स्थापित होगा।
महामंत्री अशोक मंगवानी ने बताया कि शहर की 90 से अधिक व्यापारिक संस्थाएं इस अभियान में सहयोग कर रही हैं। शिविर को सफल बनाने के लिए विभिन्न बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा अधिक से अधिक दुकानदारों, व्यापारियों और नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संगठन मंत्री राकेश बंसल ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से व्यापारिक संगठनों के सहयोग से यह रक्तदान शिविर निरंतर आयोजित किया जा रहा है और प्रत्येक वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग, चाहे वह दुकानदार हो अथवा ग्राहक, रक्तदान के प्रति विशेष जागरूकता रखता है और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेता है। इस वर्ष भी सभी के सहयोग से एक नया रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। पोस्टर विमोचन समारोह का संचालन राजीव कुमार गुप्ता ने किया।
रक्तदान शिविर के संयोजक संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, बृजमोहन रैपुरिया, राजेश सिंघल, योगेश रखवानी एवं राजीव कुमार गुप्ता तथा सह-संयोजक महावीर प्रसाद मंगल, मनोज भाटिया, अनूप बंसल एवं नितिन अग्रवाल हैं। कार्यक्रम में देवेंद्र अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, साहूकार सिंह चाहर, दुष्यंत गर्ग, राजेश सिंघल, जय प्रकाश अग्रवाल, सुरेश बरेजा आदि मौजूद रहे।





