Agra : डॉग फीडर को 4 घंटे अवैध हिरासत में रखने पर नगर निगम को ज्ञापन

मनोहर समाचार आगरा । कम्युनिटी डॉग फीडर्स को पुलिस उत्पीड़न का शिकार होना पड़ रहा है। 16 जून को सदर थाने की पुलिस ने स्थानीय डॉग फीडर नवीन वशिष्ठ को झूठी कुत्ता काटने की शिकायत पर 4 घंटे से ज्यादा समय तक अवैध हिरासत में रखा। इस मामले की शिकायत अब आगरा नगर निगम के नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में श्रद्धा पांडे सहायक नगर आयुक्त आगरा को ज्ञापन देकर की गई।
कैस्पर होम ट्रस्ट की मुख्य ट्रस्टी और आगरा नगर निगम की मानद पशु क्रूरता निवारण अभियान प्रतिनिधि वीनीता अरोड़ा ने नगर आयुक्त को लिखे ज्ञापन में बताया कि “सौ फूटा चौराहा, शमशाबाद रोड निवासी नीरज ने वशिष्ठ के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सदर थाने ने उन्हें बिना एफआईआर और गिरफ्तारी मेमो के चार घंटे तक थाने में बैठाए रखा।”
ज्ञापन में कहा गया है कि “एएडब्लूबीआई के 26 फरवरी 2015 के परिपत्र और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के अनुसार कुत्ता काटने, फीडिंग से जुड़ी शिकायतें पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आतीं। ये स्थानीय नगर निगम का विषय है। संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत अवैध हिरासत मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है और सुप्रीम कोर्ट के डीके बसु बनाम पश्चिम बंगाल राज्य 1997 के फैसले के अनुसार एफआईआर के बिना चार घंटे की हिरासत गैर-कानूनी है।”
अरोड़ा ने हस्तक्षेप के बाद भी वशिष्ठ को मानसिक उत्पीड़न का शिकार बनाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि “यह अकेली घटना नहीं है। जानवरों से नफरत करने वाले लोग पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर फीडर्स को डरा-धमका रहे हैं।”
1. SSP आगरा और सभी थानों को सलाह जारी की जाए कि कुत्ता काटने, फीडिंग की शिकायतें सीधे नगर निगम को भेजी जाएं।
2. पुलिस संज्ञेय अपराध और सबूत के बिना फीडर्स को हिरासत में न ले।
3. अवैध हिरासत करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
4. AWBI गाइडलाइन्स 26.02.2015 और 03.03.2016 सभी थानों में भेजी जाएं।
5. आगरा नगर निगम में फीडर्स की शिकायत के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि SSP आगरा, DGP UP लखनऊ, AWBI अध्यक्ष और CVO आगरा को भी भेजी गई है।
अरोड़ा ने कहा कि “खाना खिलाना पूरी तरह कानूनी है और AWBI ने सभी नगर निकायों को फीडर्स की सुरक्षा का निर्देश दिया है। पुलिस को अपने अधिकार क्षेत्र में रहकर काम करना चाहिए।”
इस दौरान नवीन वशिष्ठ, सारिका तिवारी, अमृत पाल सिंह, सरगुन, श्वेता चावला, वंदना दुबे, और उदय तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे ।





