धर्म

Agra : माधुराधीश जी मंदिर में भक्तिभाव से मना गोवर्धन पूजा उत्सव

मनोहर समाचार, आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर माधुराधीश जी मंदिर में गोवर्धन पूजा उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह संग मनाया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस विशेष धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर ठाकुर जी के दर्शन किए। गोवर्धन पूजा एवं परिक्रमा का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

उत्सव के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप का विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर ठाकुर जी को उस अलौकिक स्वरूप में सजाया गया, जिसमें उन्होंने अपनी कनिष्ठिका अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। आकर्षक सजावट, पुष्पों की मनोहारी व्यवस्था तथा भव्य झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर में गूंजते भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार संग गोवर्धन पर्वत का पूजन किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के अभिमान का नाश करने और गोवर्धन पर्वत की महिमा स्थापित करने की कथा का वर्णन किया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक गोवर्धन जी का पूजन कर सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

इसके पश्चात मंदिर परिसर में गोवर्धन परिक्रमा का आयोजन किया गया। भक्तजन भजन गाते हुए एवं श्रीकृष्ण नाम का संकीर्तन करते हुए परिक्रमा में सम्मिलित हुए। परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और धार्मिक परंपरा का पालन किया। उत्सव का मुख्य आकर्षण अन्नकूट महोत्सव रहा। भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजन, मिठाइयों एवं प्रसाद का भोग अर्पित किया गया। विशेष रूप से मिट्टी की सुंदर हांडी में अन्नकूट प्रसाद सजाकर ठाकुर जी को समर्पित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय, भरत कुमार गुप्ता, सुनीता, योगेश गुप्ता, सपना, युवराज, समीर, यश, प्रखर गुप्ता आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button