Agra : भीषण गर्मी में पॉश कालोनी में भी पानी को तरस रहे लोग
सिविल लाइन, बाग फरजाना के लोगों ने एकत्र होकर पानी की किल्लत के लिए जताया रोष

-खरीदकर पूरी की जा रही पानी की किल्लत, क्षेत्रीय पार्षद ने दी धरने पर बैठने की सलाह
मनोहर समाचार, आगरा। शहर की पॉश कालोनी में भी लोग भीषण गर्मी में पानी की किल्लत झेल रहे हैं। पानी की कमी से गर्मियां शुरु होते ही रोज मर्रा के काम प्रभावित होने लगते हैं। सिविल लाइन, बाग फरजाना क्षेत्र (वार्ड 95) में महीनों से पानी की सप्लाई बंद है। ऐसा हर गर्मियों में होता है। क्षेत्रीय लोग नगर निगम, जल संस्थान में हर वर्ष शिकायत दर्ज कराते हैं। क्षेत्रीय पार्षद को भी कई बार समस्या से अवगत कराया। लेकिन नतीजा आश्वासन से आगे ही नहीं बढ़ता। दर्जनों परिवार पानी की किल्लत झेल रहे हैं। रोजमर्रा के कामकाज के लिए पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है। विवश होकर क्षेत्रीय लोगों ने आज एकत्र होकर मीडिया के समक्ष अपनी समस्या को रखा।
डॉ. नलव किशोर के निवास से लेकर स्पीड कलर लैब (एमडी रोड) तक पानी की किल्लत की गम्भीर समस्या है। क्षेत्रीय निवासी राजेश मित्तल ने बताया कि सम्बंधित अधिकारी हर वर्ष समस्या दूर करने का सिर्फ आश्वासन देते हैं। क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान भी महीनों से आश्वासन दे रहे थे। परन्तु दो दिन पहले उन्होंने खुद जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए क्षेत्रीय लोगों को धरने पर बैठने की सलाह दे दी। हर बार हर समस्या पार्षद के पास लेकर आने से भी मना कर दिया।
इस पर क्षेत्रीय लोगों से उनकी नोंक-झोंक भी हुई। गर्मियों में पानी का प्रेशर कम होने से सप्लाई नहीं हो पाती। इसके लिए क्षेत्र में एक पाइप लाइन डलनी है। जिसके लिए हर वर्ष कहा तो जाता है, लेकिन पिछले 5-6 वर्षों से चली आ रही समस्या जस की तस है। अधिकारियों को समस्या पता है और उसका निवारण भी। लेकिन उस पर कार्य नहीं किया जा रहा।
इस अवसर पर क्षेत्रिय नागरिक गौरव शर्मा, डॉ. अभिषेक अग्रवाल, आशुतोष उपाध्याय, लाल सिंह, विवेक, रजनी मित्तल, अंजना शर्मा, डॉ. सिद्धार्थ जैन आदि उपस्थित थे।





