Agra : पंचेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का भव्य आयोजन, आमंत्रण पत्र विमोचित

मनोहर समाचार, आगरा। कालिंदीपुरम कॉलोनी, मऊ रोड स्थित पंचेश्वर महादेव मंदिर में आगामी 1 जून से 8 जून 2026 तक आयोजित होने वाले श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव के आमंत्रण पत्र का शुक्रवार को विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने महोत्सव को दिव्य, भव्य एवं भक्तिमय स्वरूप प्रदान करने का संकल्प लिया।
आयोजन समिति के जगमोहन गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि वृंदावन के प्रख्यात कथा व्यास अनंत श्री विभूषित स्वामी श्री रामप्रपन्नाचार्य जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करेंगे। कथा का आयोजन प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक होगा।
उत्तम सिंह ने बताया कि कथा का शुभारंभ 1 जून, सोमवार को प्रातः 7 बजे गणेश पूजन एवं भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। सायं 4 बजे माहात्म्य कथा से श्रीमद् भागवत कथा का विधिवत प्रारंभ किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी ललित गौतम ने दिनवार कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 2 जून को कुन्ती-भीष्म स्तुति एवं शुकदेव प्राकट्य, 3 जून को ध्रुव-प्रहलाद चरित्र एवं श्रीनृसिंह अवतार, 4 जून को वामन अवतार के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव मनाया जाएगा। 5 जून को श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजन एवं छप्पन भोग, 6 जून को महारास कथा एवं श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह उत्सव तथा 7 जून को सुदामा चरित्र, व्यास पूजन के साथ कथा विश्राम होगा। 8 जून, सोमवार को पूर्णाहुति, हवन एवं दोपहर 12 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल प्रसादी भंडारे का आयोजन होगा।
शैलेंद्र सिंह ने कहा कि कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रसंगों की सजीव एवं भावपूर्ण प्रस्तुति श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर देगी।
मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह है। यह आयोजन सनातन संस्कृति, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही, समस्त क्षेत्रवासियों एवं धर्मप्रेमियों से सपरिवार पधारकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर गंगा प्रसाद गौतम, विनोद गौतम, ग्रेस सिंह यादव, नानक चंद मिश्रा, प्रीति मिश्रा, पार्षद निशांत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे





