Agra : श्री प्रेमनिधि मंदिर में अधिकमास के नौवें दिन धूमधाम से मना पाटोत्सव
विशेष मंगल तिलक, बधाई कीर्तन और अलौकिक श्रृंगार के दर्शन कर भावविभोर हुए श्रद्धालु

मनोहर समाचार, आगरा। नाई की मंडी, कटरा हाथी शाह स्थित प्राचीन श्री प्रेमनिधि मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिक मास) मनोरथ महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज का ‘पाटोत्सव’ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर दिनभर बधाई कीर्तनों, जयघोषों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
पुष्टिमार्गीय परंपरा में ‘पाटोत्सव’ का विशेष महत्व माना जाता है। यह वह मंगल दिवस होता है जब ठाकुर जी अपने भक्तों पर कृपा करने हेतु पाट अर्थात सिंहासन पर विराजमान होते हैं। इसे श्री स्वरूप के प्राकट्य एवं स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। अधिकमास के अंतर्गत चल रहे मनोरथ महोत्सव में नौवें दिन आयोजित इस विशेष उत्सव ने भक्तों को दिव्य आनंद की अनुभूति कराई।
मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में पाटोत्सव प्रभु की विशेष कृपा और मंगलमयी उपस्थिति का उत्सव है। इस अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी को पाट पर विराजमान कर विशेष मंगल तिलक अर्पित किया गया तथा भक्तों ने प्रभु के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि पाटोत्सव के अवसर पर ठाकुर जी को बहुमूल्य नूतन वागा एवं कलात्मक स्वर्ण-रजत आभूषणों से अलंकृत किया गया। प्रभु को विविध प्रकार की उत्तम मिठाइयों एवं विशेष भोग का नेग अर्पित किया गया। पुष्टिमार्गीय कीर्तनकारों द्वारा बधाई पदों का सुमधुर गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।
मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि अधिकमास मनोरथ के नौवें दिन पाटोत्सव के अलौकिक दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ प्रभु के इस मंगल उत्सव का आनंद लिया। दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई।
सोमवार, 25 मई को आयोजित इस भव्य पाटोत्सव मनोरथ के चरण सेवक पार्षद श्रीराम धाकड़ रहे। उन्होंने सपरिवार उपस्थित होकर ठाकुर जी की विशेष आरती उतारी, मनोरथ के दर्शन किए तथा संत-वैष्णवों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रभु की सेवा एवं व्यवस्थाओं में मुख्य रूप से ख्यालीराम धाकड़, सुशील चौराहा, अनंत शर्मा, जितेंद्र धाकड़ एवं मनीष धाकड़ उपस्थित रहे।





