धर्म

Agra : भक्ति, समर्पण और गौरव का प्रतीक: आगरा में पहली बार भव्य रूप से स्थापित हुई महाराज निषादराज की प्रतिमा

शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, गूंजे जयकारे

-समाज को शिक्षा और एकता के मार्ग पर बढ़ने का आह्वान वार्ड 87 की पार्षद कंचन पवन बंसल और निषाद युवा मोर्चा संगठन ने किया भव्य आयोजन

मनोहर समाचार, आगरा। निषाद समाज की आस्था, एकता और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब निषाद युवा मोर्चा संगठन द्वारा कर्मयोगी कमला नगर स्थित निषाद चौक, वार्ड 87 पर महाराज निषादराज जी की विशाल प्रतिमा का भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व मंत्री छोटेलाल वर्मा, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विधानसभा सदस्य विजय शिवहरे, पार्षद कंचन बंसल, पार्षद अमित अग्रवाल पारुल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद पंकज अग्रवाल, पूर्व पार्षद अमित ग्वाला की उपस्थिति रही।

सभी अतिथियों ने आचार्य बीआर शर्मा के मार्गदर्शन में विधिवत पूजा-अर्चना कर महाराज निषादराज जी की प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वातावरण भक्तिमय नारों और जयघोष से गूंज उठा।

मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व मंत्री छोटेलाल वर्मा ने अपने संबोधन में महाराज निषादराज जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे केवल एक राजा ही नहीं, बल्कि सच्चे रामभक्त, मित्रता और समर्पण के प्रतीक थे। उनका जीवन समाज को सेवा, निष्ठा और त्याग का संदेश देता है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने श्रीरामचरितमानस के केवट प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि निषादराज और भगवान श्रीराम के बीच की मित्रता सामाजिक समरसता और समानता का अद्भुत उदाहरण है, जो आज भी समाज को प्रेरित करता है।

विधानसभा सदस्य विजय शिवहरे ने समाज को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित और शिक्षित समाज ही विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।

उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि निषादराज जी की तपस्या और भक्ति अद्वितीय थी। उन्होंने 14 वर्षों तक गंगा तट पर भगवान श्रीराम की प्रतीक्षा कर मित्रता और समर्पण की मिसाल कायम की।
पार्षद कंचन बंसल ने कहा कि इस प्रकार की भव्य प्रतिमा स्थापना से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को जानने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम संयोजक एवं अध्यक्ष आगरा मंडल व्यापार संगठन पवन कुमार बंसल ने बताया कि यह ऐतिहासिक अवसर है, जब आगरा में पहली बार महाराज निषादराज जी की प्रतिमा इतनी भव्यता के साथ स्थापित की गई है।
कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा युवा नेता मनोज गर्ग ने किया, जबकि अध्यक्ष धीरज निषाद ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकजुटता और संगठन की शक्ति को और मजबूत करने का आह्वान किया।
इससे पूर्व एक भव्य शोभायात्रा निषाद चौक से प्रारंभ होकर मनोहरपुर एवं विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः निषाद चौक पर सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर भाजपा युवा नेता मनोज गर्ग, युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष किशन निषाद, महामंत्री रामू निषाद, उपाध्यक्ष बहादुर निषाद और रवि निषाद, महासचिव मुकेश बघेल, बृजेश निषाद, प्रेम सिंह निषाद, रवि निषाद, कमल निषाद, विजय निषाद, प्रदीप बघेल, गौतम निषाद, मोहन सिंह वर्मा, हर प्रसाद वर्मा, अंकित बंसल, गोपाल वर्मा, लाल वर्मा, पंकज वर्मा, प्रेम सिंह वर्मा आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button