धर्म

Agra : बलि महाराज से श्रीकृष्ण जन्म लीला तक, कथा में मिला समर्पण और भक्ति का संदेश

मनोहर समाचार, आगरा। इस्कॉन आगरा एवं राधा सखी ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में समाधि पार्क में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव में पांचवे दिवस श्रीकृष्ण जन्म लीला प्रसंग के दौरान पूरा कथा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। हरे कृष्ण महामंत्र के भव्य संकीर्तन, भजन एवं नृत्य के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव को उल्लासपूर्वक मनाया। वेदिक मंत्रोच्चारण के साथ ठाकुर जी के विग्रह का दिव्य पदार्थो से अभिषेक किया गया। कथा स्थल पर माखन-मिश्री एवं विभिन्न उपहारों का वितरण किया गया, जिससे वातावरण नंदोत्सवमय हो उठा।

कथा व्यास सार्वभौम प्रभु ने बलि महाराज चरित्र, सूर्य वंश, चंद्र वंश एवं श्रीकृष्ण जन्म लीला का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल इतिहास नहीं, बल्कि भगवान की दिव्य लीलाओं के माध्यम से जीव को भक्ति और समर्पण का मार्ग दिखाने वाला अमृत है। बलि महाराज के प्रसंग में उन्होंने बताया कि सच्चा भक्त अपना सर्वस्व भगवान को अर्पित कर देता है। भगवान भक्त के त्याग, समर्पण और निष्कपट प्रेम से प्रसन्न होकर स्वयं उसके रक्षक बन जाते हैं।

सूर्य वंश एवं चंद्र वंश का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की मूल चेतना धर्म, सत्य और भगवान के प्रति समर्पण में निहित है। श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग के दौरान कथा व्यास ने कहा कि जब-जब संसार में अधर्म बढ़ता है, तब भगवान भक्तों के कल्याण और धर्म की स्थापना के लिए अवतरित होते हैं। भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि मानव जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म और भक्ति के प्रकाश का प्रतीक है।

उन्होंने “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे” महामंत्र एवं “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र की महिमा बताते हुए कहा कि कलियुग में भगवान का नाम ही जीव का सबसे बड़ा आश्रय है। नाम-स्मरण से मनुष्य के अंतर्मन की शुद्धि होती है और उसे आत्मिक शांति प्राप्त होती है।

राधा सखी ग्रुप की संस्थापिका अशु मित्तल ने बताया कि कथा महोत्सव में शुक्रवार को श्री कृष्ण बाल लीलाएं, गोवर्धन लीला, रास पंचाध्याय और रुक्मणि विवाह प्रसंग होंगे।

कार्यक्रम में महापौर हेमलता दिवाकर, एडीजी आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल, डॉ रंजना बंसल, जीएसटी कमिश्नर निहारिका खंडेलवाल, सीमा, अरविंद स्वरूप प्रभु ने भागवत जी की आरती उतारी। कथा के दौरान सभी भक्त श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भक्ति धारा में भावविभोर दिखाई दिए।

कार्यक्रम में अदिति गौरंगी, मोनिका अग्रवाल, रीता खन्ना, लवली कथूरिया, संजीव मित्तल, रेनू भगत, मीनाक्षी मोहन, ज्योति, रेशमा मगन, रेनू लांबा, तनुजा मांगलिक, डॉ अपर्णा पोद्दार, डॉ परिणीता बंसल, शिखा सिंघल आदि उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button