लाइफस्टाइल

Agra : शी विल इंस्पायर संस्था ने मदर्स डे पर मां और सासू मां के सम्मान में आयोजित किया भावनात्मक समारोह

मां के आंचल की छांव में सजा सम्मान का उत्सव

मनोहर समाचार, आगरा। मां केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि जीवन की पहली गुरु, पहली मित्र और सबसे बड़ी प्रेरणा होती हैं। इसी भाव को आत्मसात करते हुए शी विल इंस्पायर संस्था द्वारा मदर्स डे सेलिब्रेशन का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन गुरुवार को होटल हॉलीडे इन में किया गया। कार्यक्रम में मातृत्व, स्नेह और पारिवारिक मूल्यों का अनुपम संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ पीआई इंडस्ट्रीज की सीएसआर एवं ईएसजी हेड डॉ. अक्षिता शुक्ला तथा शिक्षाविद् निधि सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक राशि गर्ग ने कहा कि मां का प्रेम जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। मदर्स डे केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि मां के त्याग, समर्पण और स्नेह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि संस्था के सदस्यों ने अपनी मां एवं सासू मां का सम्मान और अभिनंदन कर उन्हें विशेष अनुभूति कराई।

पीआई इंडस्ट्रीज की सीएसआर एवं ईएसजी हेड डॉ. अक्षिता शुक्ला ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है। मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज को संस्कार और संवेदनाएं देने वाली शक्ति भी हैं। उन्होंने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में ऐसे आयोजन परिवारों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य करते हैं। मदर्स डे हमें यह अवसर देता है कि हम अपनी मां और परिवार की वरिष्ठ महिलाओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करें।

शिक्षाविद् निधि सिंह ने कहा कि मां का स्नेह व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी है। मां के संस्कार ही बच्चों को जीवन में सही दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में परिवारों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने शी विल इंस्पायर संस्था की सराहना करते हुए कहा कि संस्था महिलाओं और परिवारिक मूल्यों को सशक्त बनाने का सराहनीय कार्य कर रही है।

समारोह में भावनाओं की मधुर अभिव्यक्ति तब देखने को मिली जब एलन कश्यप की सुरीली धुनों पर सदस्यों ने अपनी माताओं को समर्पित गीत प्रस्तुत किए। गीतों की स्वर लहरियों ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और पूरा वातावरण मातृत्व के प्रेम से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम का संचालन पूजा लूथरा, कीर्ति खंडेलवाल, मीनाक्षी किशोर एवं दीपिका ने किया। आयोजन की व्यवस्थाएं अदिति, कृषिका, डॉ. भास्कर ज्योति एवं खुशबू ने संभालीं। वहीं मनोरंजन गेम्स का संचालन दीक्षा, रुचि, दिव्या गुप्ता और कंचन ने किया, जिसमें सभी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टैरो कार्ड रीडिंग द्वारा हरमीत कौर ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा।

समारोह के दौरान रानी खंडेलवाल, रागिनी गर्ग, शिखा अग्रवाल, सर्वेश गुप्ता, वीणा लूथरा, रीता विज, आभा मित्तल, बृजेश आदि माताओं ने केक काटकर मदर्स डे की खुशियां साझा कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button