Agra : कुष्ठ आश्रम में हरिनाम संकीर्तन सेवा ट्रस्ट ने किया सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या व होली मिलन का आयोजन

मनोहर समाचार, आगरा । कुष्ठ आश्रम में हरिनाम संकीर्तन सेवा ट्रस्ट द्वारा सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या व होली मिलन का आयोजन किया गया । आगरा, शहर के कुष्ठ आश्रम ताजनगरी में हरिनाम संकीर्तन सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में कुष्ठ रोगियों और उनके परिवारजनों के साथ बड़े उत्साह, प्रेम और भक्ति भाव के साथ सुंदरकांड पाठ एवं रंगारंग भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर प्रभु भजनों पर झूमते नजर आए।
इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने कुष्ठ रोगियों व उनके परिवारों के साथ होली मिलन मनाते हुए एक-दूसरे को चंदन का टीका लगाकर आपसी सौहार्द, प्रेम और अपनत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम में सेवा भाव की अनूठी मिसाल पेश करते हुए संस्था के सदस्यों ने अपने हाथों से विशाल भंडारे का प्रसाद भी वितरित किया।
इस आयोजन में लगभग डेढ़ सौ परिवारों के बच्चे, महिलाएं व पुरुष शामिल हुए और सभी ने भक्ति व प्रेम से भरे इस कार्यक्रम का आनंद लिया। संस्था से जुड़े समाजसेवी श्याम भोजवानी बताया संस्था का उद्देश्य समाज के उपेक्षित वर्गों के बीच प्रेम, सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है ।
पंडित गरिमा किशोरी जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के हर व्यक्ति को जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति वही है, जिसमें मानव सेवा को सर्वोपरि माना जाए। ऐसे कार्यक्रम समाज में प्रेम, भाईचारा और सेवा की भावना को बढ़ाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद भंडारा ग्रहण कराया और संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।
इस अवसर पर भगवाताचार्य पं.गरिमा किशोरी जी, आरती शर्मा, चांदनी भोजवानी, सुधा शर्मा, मनीषा उपाध्याय, सत्यम शर्मा, बलवीर सिंह बल्लो और कुष्ठ आश्रम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।




