लाइफस्टाइल

Agra : आईएमए ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

मनोहर समाचार, आगरा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्थानीय इकाई इंडियन मेडिकल एसोसिएशन आगरा द्वारा वीमेन और चाइल्ड एम्पावरमेंट समिति के सहयोग से इंटरनेशनल विमेंस डे के अवसर पर IMA भवन, आगरा में एक विचारोत्तेजक पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के महत्व पर व्यापक संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने नारी शक्ति के विविध आयामों पर अपने विचार व्यक्त किए।

डॉ. राकेश भाटिया ने “मातृ शक्ति” विषय पर बोलते हुए कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं बल्कि समाज के संस्कार और संवेदनशीलता की वाहक होती है।

डॉ. दीप्तिमाला ने “नारी उत्थान में शिक्षा का महत्व” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो महिलाओं को आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक नेतृत्व प्रदान करती है। एक शिक्षित महिला पूरे परिवार और समाज के विकास का मार्ग प्रशस्त करती है।

डॉ. रवि पचौरी ने “एक सफल नारी के पीछे एक पुरुष का हाथ” विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज में वास्तविक प्रगति तब संभव है जब पुरुष और महिला दोनों एक-दूसरे के सहयोगी और सहभागी बनें।

डॉ. वंदना कालरा ने “आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्व” विषय पर कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला समाज में आत्मसम्मान और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता प्राप्त करती है, जिससे परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. ओ.पी. यादव ने “इंडियन मेडिकल एसोसिएशन आगरा का नारी शक्ति को नमन” विषय पर बोलते हुए कहा कि चिकित्सा जगत में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के स्वास्थ्य और संवेदनशीलता दोनों को मजबूत बना रही है। उन्होंने कहा कि IMA आगरा हमेशा महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी इस दिशा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

इस अवसर पर IMA आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायाच ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का सही मापदंड महिलाओं की स्थिति और सम्मान होता है। उन्होंने बताया कि IMA आगरा समय-समय पर जनजागरूकता कार्यक्रमों, स्वास्थ्य शिविरों और सामाजिक अभियानों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति समाज को जागरूक करने का निरंतर प्रयास कर रहा है।

IMA आगरा के सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर ध्यान देना आज के समय की सबसे बड़ी सामाजिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि IMA आगरा के चिकित्सक समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, ताकि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वाति द्विवेदी ने अत्यंत प्रभावी एवं सुचारु रूप से किया, जिससे चर्चा को एक सार्थक दिशा मिली और सभी विषयों पर सारगर्भित संवाद संभव हो सका। कार्यक्रम में IMA के पदाधिकारीगण, चिकित्सकगण एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button