स्वास्थ्य

Agra : आंखों की रोशनी बनकर उभरा लॉयंस क्लब आगरा विशाल, नेत्र सेवा सहयोगियों का हुआ अभिनंदन

30 वर्षों से निरंतर नेत्र सेवा अभियान, 81 निशुल्क ऑपरेशन और 1500 से अधिक मरीजों की आंखों की जांच कर लौटाई रोशनी

मनोहर समाचार, आगरा। लॉयंस क्लब आगरा विशाल द्वारा आवास विकास कॉलोनी स्थित उडुपी वृंदावन रेस्टोरेंट में नेत्र चिकित्सा एवं नेत्र ऑपरेशन सेवा शिविर के समापन अवसर पर स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा और चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. असीम अग्रवाल का विशेष सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने बताया कि लॉयंस क्लब आगरा विशाल पिछले लगभग 30 वर्षों से निरंतर जनसेवा के उद्देश्य से निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविरों का आयोजन करता आ रहा है। वर्ष 2025-26 के दौरान डॉ. असीम अग्रवाल के सहयोग से 81 निशुल्क नेत्र ऑपरेशन एवं 1500 से अधिक निशुल्क नेत्र परीक्षण किए गए। शिविरों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को न केवल जांच और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, बल्कि आवश्यक दवाइयां भी पूरी तरह निशुल्क वितरित की गईं।

उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना क्लब का प्रमुख उद्देश्य है। डॉ. असीम अग्रवाल का समर्पण और सेवा भाव सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने वर्षों से हजारों जरूरतमंद मरीजों की आंखों की रोशनी लौटाने का कार्य किया है।

कार्यक्रम संयोजक एवं सचिव अजय मनचंदा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आज के व्यस्त जीवन में जहां अधिकांश लोग केवल अपने व्यक्तिगत जीवन तक सीमित रह जाते हैं, वहीं डॉ. असीम अग्रवाल अपने समय, ज्ञान और संसाधनों को समाजहित में समर्पित कर रहे हैं। उनका कार्य केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा भेजे गए सभी मरीजों का परीक्षण, ऑपरेशन एवं उपचार पूरी तरह निशुल्क किया गया।

डॉ. असीम अग्रवाल ने बताया कि मोतियाबिंद के ऑपरेशन में लेंस का खर्च गरीब मरीजों के लिए वहन करना कठिन होता है। ऐसे में क्लब के माध्यम से आने वाले मरीजों के आधुनिक विधि से ऑपरेशन किए जाते हैं, जिनमें उच्च गुणवत्ता वाले इंपोर्टेड लेंस लगाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि विगत 27 वर्षों में वे क्लब के सहयोग से लगभग 4 से 5 हजार नेत्र ऑपरेशन कर चुके हैं।

उन्होंने गर्मी के मौसम में आंखों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि तेज धूप, धूल और अल्ट्रावायलेट किरणों से बचाव के लिए धूप का चश्मा अवश्य पहनना चाहिए। आंखों को शुष्कता से बचाने के लिए समय-समय पर ठंडे पानी के छींटे मारें तथा आवश्यकता पड़ने पर लुब्रिकेंट आई ड्रॉप का प्रयोग करें। यदि आंखों में पसीना चला जाए तो तुरंत स्वच्छ पानी से आंखों को धोना चाहिए।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया।

इस अवसर पर अजय बंसल, राजेश खंडेलवाल, प्रमोद खंडेलवाल, विष्णु गोयल, राकेश खंडेलवाल, नंद प्रकाश बंसल, सुनील बंसल, कपिल अग्रवाल, विजय सेठिया, शैलेंद्र गर्ग, प्रवीण बंसल, सुनील अग्रवाल, हेमेंद्र अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button