धर्म

Agra :श्री पंचमुखी महादेव मंदिर शिव महापुराण एवं ज्ञान यज्ञ कथा का शुभारंभ

मनोहर समाचार, आगरा। श्री पंचमुखी महादेव मंदिर बैंक कॉलोनी राजपुर में गुरुवार से पंडित संतोष शास्त्री जी के मुखारविंद से शिव महापुराण एवं ज्ञान यज्ञ कथा का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, जिसके उपरांत भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में मातृशक्ति सिर पर मंगल कलश धारण कर पूरे क्षेत्र का भ्रमण करती हुई नजर आई। बैंड-बाजों की मधुर धुनों एवं “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा और श्रद्धालु नाचते-झूमते हुए यात्रा में शामिल हुए।

मंगल कलश यात्रा का क्षेत्रवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो स्वयं देवगण स्वर्गलोक से पुष्प वर्षा कर इस पुण्यमयी आयोजन का अभिनंदन कर रहे हों। पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर दिखाई दिया।

मंगल कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर स्थित कथा स्थल पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से कथा का श्रवण किया। कथा के प्रथम दिवस पंडित संतोष शास्त्री जी ने भगवान शिव की महिमा का सुंदर वर्णन करते हुए कहा कि “शिव महापुराण के श्रवण से मनुष्य के जीवन के समस्त कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।”

इस अवसर पर मुख्य रूप से संतोष शर्मा, समाजसेवी श्याम भोजवानी, डीके शर्मा, गोपाल अवस्थी, युवी चौहान, देवकीनंदन मित्तल, राजकुमार गुप्ता, पवन शर्मा, राजीव दीक्षित, सुशील गुप्ता, केके शर्मा, ललित गुप्ता, श्यामसुंदर गुप्ता, विनोद बंसल, विजय गुप्ता क्षेत्र के गणमान्य नागरिक महिलाएं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button