धर्म

Agra : श्री प्रेमनिधि मंदिर में सखी वेश उत्सव के दिव्य दर्शन, स्वामिनी भाव में रमे श्रद्धालु

मनोहर समाचार, आगरा। नाई की मंडी, कटरा हाथी शाह स्थित प्राचीन श्री प्रेमनिधि मंदिर में चल रहे पवित्र पुरुषोत्तम (अधिक मास) मनोरथ उत्सव के अंतर्गत बुधवार को ‘सखी वेश उत्सव’ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। पुष्टिमार्गीय भक्त प्रेमनिधि जी के सेवित (मशाल वाले) ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज को सखी स्वरूप में मनोहारी श्रृंगार धारण कराया गया, जिसके दिव्य दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

मंदिर परिसर भक्तिरस, पुष्प सज्जा एवं संकीर्तन से आलोकित रहा। ठाकुर जी के अलौकिक सखी स्वरूप ने उपस्थित श्रद्धालुओं को वृंदावन की मधुर लीलाओं का भावात्मक अनुभव कराया। दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के समक्ष नृत्य-कीर्तन कर अपनी भक्ति अर्पित की।

मुख्य सेवायत हरी मोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में ‘सखी वेश’ अथवा ‘स्वामिनी भाव’ की सेवा को अत्यंत उच्च कोटि की प्रेमाभक्ति माना गया है। इस भाव में भक्त स्वयं को ठाकुर जी की अंतरंग सखी मानकर सेवा करता है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव भक्त और भगवान के मधुर संबंध की अनुभूति कराने वाला अत्यंत रसपूर्ण मनोरथ है।

आज के उत्सव की सेवा स्वास्तिक हैंडराइटिंग वैलफेयर ट्रस्ट द्वारा समर्पित की गई। सेवा में प्रमुख रूप से विनीता मित्तल, वंशिका गोस्वामी, भक्ति गोस्वामी, आशीष पचौरी, दीपक सैनी, साहिल, अक्षत पचौरी, सरदार सिंह धाकड़, रीना गोस्वामी, अमित शर्मा एवं आशीष अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।

विदित हो कि मंदिर में 17 मई से 15 जून 2026 तक पुरुषोत्तम (अधिक मास) महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न मनोरथ एवं उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button