Agra : मेहंदी की रचती रंगत और भजनों की सुरमयी छटा में सजी मां पीतांबरा की चौकी
सीताराम मंदिर, वजीरपुरा में मनाया जा रहा है मां पीतांबरा देवी प्राकट्य दिवस एवं पंचम वार्षिक उत्सव

मनोहर समाचार, आगरा। मां पीतांबरा देवी प्राकट्य दिवस एवं पंचम वार्षिक उत्सव के अंतर्गत सीताराम मंदिर, वजीरपुरा में आयोजित मेहंदी समारोह एवं माता की चौकी ने भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। जहां एक ओर महिलाओं ने मेहंदी की सुंदर आकृतियों से उत्सव की खुशियों को साकार किया, वहीं दूसरी ओर मां के भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि विधान के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं ने एक-दूसरे को मेहंदी लगाकर मंगल गीत गाए। इसके उपरांत सजी माता की भव्य चौकी में मां पीतांबरा की मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसके समक्ष भक्तों ने दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
माता की चौकी में “जय मां पीतांबरा, जय मां बगलामुखी”, “तेरी जय हो मां जगदंबे”, “मेरे घर आई एक नन्ही सी परी” जैसे भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन गायक मंडली के राजेंद्र, आशु बेदी, विमलेश यादव, सोनम यादव ने भक्तिरस से सराबोर प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को देर रात तक भक्ति में लीन रखा।
इस अवसर पर मंदिर के महंत पं. श्री अनंत उपाध्याय ने विधिवत मां की आरती उतारी। उन्होंने बताया कि मां पीतांबरा की आराधना साधक के जीवन से नकारात्मक शक्तियों को दूर कर उसे शक्ति, साहस और सफलता का आशीर्वाद प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि वैशाख शुक्ल पक्ष अष्टमी को मां का प्राकट्य हुआ था, और यह उत्सव उसी दिव्य ऊर्जा को आत्मसात करने का माध्यम है। शुक्रवार को मुख्य आयोजन के तहत प्रातः अभिषेक, श्रृंगार, नवकुंडीय महायज्ञ, कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की अपेक्षा है।
श्री कृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि दिव्य हवन के साथ-साथ मां पीतांबरा की बैंड बाजे के साथ श्रृंगार और संध्या आरती की जाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित सरिता सिंह, सुषमा अग्रवाल, लता उपाध्याय, वंदना उपाध्याय, नीतू शर्मा, लता अग्रवाल, प्रियंका मिठास, शिवालिका अग्रवाल, निशि नेहरू, प्रीति अग्रवाल, शिप्रा दीप गुप्ता, सोनिया अग्रवाल, दीप्ति अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, डॉ. संजीव नेहरू, संजय चौहान, लक्ष्मण शर्मा, सचिन सारस्वत, मुकेश पंडित, पंकज शास्त्री, मनोज तिवारी, विक्रम सिंह, अरुण उपाध्याय, राजकुमार, कृष्णा मिठास, विनोद अग्रवाल, अरुण, सुरेंद्र शर्मा, आरपी तिवारी, राजपाल मिश्रा, सुनील पचौरी (उत्तराखंड), अमरनाथ शर्मा, हेमंत दुबे, आयुष उपाध्याय, संदीप अग्रवाल, हनी, मोहित आदि उपस्थित रहे।





