Agra : आगरा में उद्योग जगत को मिलेगा नया विजन, कॉनफ्लूएंस सेमिनार का आगाज़
कॉनफ्लूएंस ऑफ बिज़नेस एंड प्रोफेशन सेमिनार के आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन

-आगरा चैप्टर ऑफ एनआईआरसी ऑफ आईसीएसआई द्वारा 24 को होगा आयोजन
-सीएस प्रोफेशनल्स और उद्योगपतियों के बीच समन्वय से आगरा के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई दिशा
मनोहर समाचार, आगरा। आगरा चैप्टर ऑफ एनआईआरसी ऑफ आईसीएसआई द्वारा आयोजित होने जा रहे “कॉनफ्लूएंस ऑफ बिज़नेस एंड प्रोफेशन” सेमिनार के आमंत्रण पत्र का विमोचन नेहरू नगर स्थित कार्यालय में सम्पन्न हुआ। अध्यक्ष सीएस अनुज अशोक ने कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि 24 अप्रैल को फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में आयोजित होने वाला यह विशेष सेमिनार व्यवसाय और प्रोफेशन के संगम का एक सशक्त मंच होगा, जहां कंपनी सेक्रेटरी (CS) प्रोफेशनल्स उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर आगरा के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने पर विचार करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मंच पर शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति पैनलिस्ट के रूप में अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही आईसीएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी चंद्रक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
संयोजक सीएस तरीन रावत ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक चर्चा नहीं, बल्कि उद्योगों और प्रोफेशनल्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को उच्चस्तरीय प्रोफेशनल मार्गदर्शन आगरा में ही उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उन्हें महानगरों की ओर रुख करने की आवश्यकता कम होगी।
सचिव सीएस नीतू अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से पारंपरिक उद्योगों में कार्यरत उद्यमियों को नई सोच और आधुनिक कार्यशैली अपनाने की प्रेरणा मिलेगी, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकेंगे।
प्रोग्राम डायरेक्टर सीएस तूलिका बंसल ने बताया कि यह पहल आगरा के औद्योगिक परिदृश्य को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ इसे एक उभरते हुए औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर आयशा महाजन, श्रुति गुप्ता, निखिल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।





