धर्म

Agra : श्री मनःकामेश्वर मंदिर के हाथी घाट स्थित सीमा द्वार का लोकार्पण, आकर्षक बनी एलईडी लाइटिंग, दूर से ही दिख रहा नाम

मनोहर समाचार, आगरा। प्राचीन श्री मनःकामेश्वर मंदिर, हाथी घाट, यमुना किनारा पर नवनिर्मित सीमा द्वार (जीर्णोद्धार उपरांत) का लोकार्पण श्रद्धा एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। मंदिर के श्री महंत योगेश पुरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन कर सीमा द्वार का लोकार्पण किया तथा भगवान शिव से मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर मंदिर मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि मंदिर के मुख्य प्रवेश सीमा द्वार का जीर्णोद्धार कर उसे भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। द्वार पर मंदिर के नाम को प्रमुखता से प्रदर्शित करते हुए अत्याधुनिक एलईडी लाइटिंग की व्यवस्था गौरव शर्मा एवं निशांत सिकरवार के सहयोग से कराई गई है, जिससे रात्रि के समय मंदिर का प्रवेश द्वार अत्यंत मनोहारी दिखाई देता है।

उन्होंने बताया कि इस सीमा द्वार का सबसे बड़ा आकर्षण इसके शीर्ष पर स्थापित भगवान शिव के प्रतीक डमरू और त्रिशूल हैं, जो शिवभक्ति, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक आस्था का संदेश देते हैं। आकर्षक निर्माण एवं प्रकाश व्यवस्था के कारण यह द्वार श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है।
लोकार्पण के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने नव-निर्मित सीमा द्वार के दर्शन कर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे श्री मनःकामेश्वर मंदिर की भव्यता एवं धार्मिक गरिमा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button