Agra : चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने किया नवागत जिलाधिकारी का स्वागत
जिलाधिकारी ने चैम्बर सदस्यों के साथ बैठक करने का दिया आश्वासन

-प्रतिनिधिमंडल ने ताज संरक्षित क्षेत्र में उद्योगों को आ रही समस्याओं के बारे में कराया अवगत
-टीटीजेड की समस्याओं पर शीघ्र समस्याओं के निदान करने हेतु दिया आश्वासन
-आगरा के उद्योगों में आ रही समस्याओं के प्रति बेहद गंभीर जिलाधिकारी
-प्राथमिकता के आधार पर कराया जायेगा उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण
मनोहर समाचार, आगरा। नेशनल चैम्बर प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में नवागत जिलाधिकारी मनीष बंसल से उनके कार्यालय में मिला। चैम्बर अघ्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने नवागत जिलाधिकारी मनीष बंसल का पौध देकर उनका स्वागत किया गया तथा औद्योगिक समस्याओं एवं शहर की समस्याओं के सम्बन्ध में चैम्बर के सदस्यों के साथ बैठक करने के लिये आमंत्रित किया।
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने बताया कि “उच्चतम न्यायालय द्वारा ताज संरक्षित क्षेत्र घोषित किये जाने के बाद 1995 से आगरा औद्योगिक क्षेत्र में बुरी तरह पिछड़ गया है। टीटीजेड की शर्तों के कारण यहां नये उद्योग लगाना तथा उद्योगों का विस्तारीकरण पूर्णतः प्रतिबन्धित है। इसलिये आगरा औद्योगिक क्षेत्र में संभवतः पूरे देश में अत्यन्त ही दयनीय स्थिति में है। वर्तमान मेे विषम परिस्थितयों के कारण उद्योगों में गेल गैस द्वारा सप्लाई की जा रही गैस में कटौती जा रही है जिससे उद्योगों के उत्पादन व उनकी क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड रहा है। प्रतिनिधिमंडल द्वारा जिलाधिकारी महोदय से मांग की गयी वह उद्योगों को ईधन के विकल्प के रूप में विद्युत कनैक्शन दिलवाने के लिये प्रयास किया जाये।”
चैम्बर के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल व पूर्व अध्यक्ष एवं नागरिक सुविधा प्रकोष्ठ के चेयरमैन सीताराम अग्रवाल ने कहा कि “मथुरा, खंदौली, सादाबाद, रामबाग आदि से होकर जाने वाले बड़े व भारी वाहनों को उत्तरी बाईपास से गुजरने हेतु निर्देशित किया जाये, जिससे आगरा शहर में भारी वाहनों का लोड भी कम होगा तथा शहर को जाम की समस्या से भी पर्याप्त सीमा तक निजात मिल सकेगी।” प्रतिनिधिमंडल द्वारा अवगत कराया गया कि आईएसबीटी बस अड्डे से हाथरस रोड की ओर जाने वाली सभी बसों के लिये चैम्बर के अथक प्रयासों से फांउडी नगर सेटेलाइट बस अड्डे का निर्माण हुआ है। वर्तमान मे आईएसबीटी से अब्बूलाला दरगाह, वाटर वर्क्स, रामबाग चौराहा आदि स्थानो पर रोडवेज बसों का ठहराव होने के कारण शहर में जाम की समस्या बनी रहती है। चैम्बर ने मांग की है कि ऐसी लगभग 350-400 बसों का संचालन यदि फाउंड्री सेटेलाइट बस स्टैंड से संचालित होंगी तो शहर को प्रदूषण व जाम से मुक्ति मिलगी और साथ ही साथ रोडवेज को अनावश्यक समय और ईधन की भी पर्याप्त बचत होगी।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल को बहुत ही ध्यानपूर्वक सुना तथा ताज संरक्षित क्षेत्र में उद्योगों को आ रही समस्याओं का निराकरण कराने का आश्वासन दिया गया। चैम्बर के साथ बैठक करने के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्होंने शीघ्र ही बैठक करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि “उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराने के लिये हर संभव प्रयास किया जायेगा।”
प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, स्थानीय प्रशासन समन्वय प्रकोष्ठ के चेयरमैन प्रशांत जैन, पूर्व अध्यक्ष एवं नागरिक सुविधा प्रकोष्ठ के चेयरमैन सीताराम अग्रवाल, चन्द्रवीर सिंह उपस्थित रहे।




