Agra : चार राज्यों के परिवार करेंगे महालक्ष्मी मंदिर में एकादशी उद्यापन
श्री हरि बोल सेवा समिति आयोजित करेगा तीन दिवसीय आयोजन

-सामूहिक 11वें एकादशी उद्यापन के आमंत्रण पत्र का किया विमोचन
मनोहर समाचार, आगरा। श्री हरि बोल सेवा समिति की ओर से तीन दिवसीय सामूहिक 11वें एकादशी उद्यापन एवं खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन एकादशी पर बलकेश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों में जुटे समिति के पदाधिकारियों ने बुधवार को कमला नगर स्थित सेलिब्रेशन होटल में आमंत्रण पत्र का विमोचन कर जारी किया।

संस्थापक भोलानाथ अग्रवाल ने बताया कि “29 और 30 जनवरी को होने का रहे सामुहिक उद्यापन में मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश के लगभग 150 जोड़े सामूहिक रूप से एकादशी उद्यापन करेंगे। 28 जनवरी को श्री श्याम चाकरी परिवार द्वारा खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन महालक्ष्मी मंदिर परिसर में होगा। भजन संध्या में भजन गायिका प्रीति शर्मा, त्रिलोकी शर्मा, पीयूष गोयल और प्रखर लोहिया खाटू नरेश के भजनों की प्रस्तुति देंगे।”

अध्यक्ष केशव अग्रवाल और महामंत्री विक्की गर्ग ने बताया कि “29 जनवरी को सुबह 8 बजे दीप प्रज्वलन के बाद 9 बजे एकादशी कथा होगी फिर आरती के बाद ब्राह्मण भोज होगा। 30 को सुबह 8 बजे दीप प्रज्वलन, 9 बजे हवन पूजन, 10 बजे आरती और 1 बजे सामूहिक प्रसादी का कार्यक्रम होगा। मंच पर राधा-कृष्ण की झांकी के दिव्य दर्शन होंगे। उद्यापन में शहर की कई गणमान्य हस्तियों सहित संतों की सहभागिता आयोजन में रहेगी। एकादशी उद्यापन के लिए पर पंजीकरण शुरू हो गए है।”





