Agra : अगले माह चुनी जाएगी अखिल भारतीय महिला परिषद की कार्यकारिणी
मोबाइल- प्रयोग के लाभ-हानि पर होगी परिचर्चा

मनोहर समाचार, आगरा। अखिल भारतीय महिला परिषद आगरा नगर शाखा की कार्यकारिणी का चुनाव अगले माह किया जाएगा। साथ ही मोबाइल प्रयोग के लाभ-हानि विषय पर भी महिलाओं और समाज को जागरूक करने की दृष्टि से एक परिचर्चा का आयोजन भी किया जाएगा.. ये निर्णय बाँके बिहारी मिष्ठान भंडार के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित परिषद की मासिक बैठक में सर्वसम्मति से लिए गये।
अखिल भारतीय महिला परिषद आगरा इकाई की अध्यक्ष उमा सिंह ने बैठक में कहा कि आजकल जिसे देखो वह मोबाइल में व्यस्त है। कोई रील बना रहा है तो कोई रील देख रहा है। इस रील के कारण रियल लाइफ अस्त व्यस्त और त्रस्त हो गई है। कुल मिलाकर मोबाइल पर अत्यधिक समय बिताना मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए घातक है। इस संबंध में महिलाओं को जागरूक करने की दृष्टि से अखिल भारतीय महिला परिषद द्वारा मोबाइल प्रयोग के लाभ-हानि विषय पर अगले माह एक परिचर्चा आयोजित की जाएगी।
बैठक में कोषाध्यक्ष चित्ररेखा कटियार, परिवार परामर्श केन्द्र की काउंसलर प्रेमलता, सरोज प्रशान्त, रजनी, चंद्रा मेहरोत्रा, पूनम शर्मा, रूपा और आरबीएस कॉलेज की पूर्व प्राचार्य व अखिल भारतीय महिला परिषद में स्टैंडिंग कमेटी मेंबर डॉ. सुषमा सिंह भी मौजूद रहीं।





