Agra : स्पाइसी शुगर के सीजन-7 का ग्रैंड आगाज़: अपारशक्ति खुराना संग ‘अपार’ संवाद ने जीता दिल

मनोहर समाचार, आगरा। होटल हॉलिडे इन में “स्पाइसी शुगर” संस्था के बहुप्रतीक्षित सीजन-7 का भव्य शुभारंभ सेलिब्रिटी एंटरटेनमेंट और इंटरेक्शन के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बॉलीवुड अभिनेता अपारशक्ति खुराना, समाज सेवी एवं प्रमुख उद्यमी डॉ रंजना बंसल और संस्था की संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर चांदनी ग्रोवर, पावनी सचदेवा और शिखा जैन ने अतिथियों का स्वागत किया।

शुभारंभ के उपरांत पूनम सचदेवा ने संस्था का परिचय देते हुए विगत वर्षों की सफलताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि “स्पाइसी शुगर” केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि बौद्धिक संवाद, विभिन्न क्षेत्रों के सेलिब्रेटीज़ के साथ संवाद, प्रेरणा और समाज सेवा के लिए समर्पित एक सशक्त मंच है, जो महिलाओं के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देता है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा अपारशक्ति खुराना के साथ हुआ संवाद सत्र, जिसमें पूनम सचदेवा ने अपने अनूठे और रोचक अंदाज़ में उनसे कई दिलचस्प और प्रेरणादायक प्रश्न पूछे। अपारशक्ति ने भी पूरी बेबाकी और आत्मीयता के साथ अपने जीवन, करियर, संघर्ष और निजी अनुभवों को साझा किया, जिससे उपस्थित सभी महिलाएं खासा प्रेरित हुईं।
संवाद की शुरुआत हल्के-फुल्के अंदाज़ में उनके नाम “अपारशक्ति” के अर्थ और उसके पीछे की कहानी से हुई। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता ने हमेशा उनमें असीम संभावनाएं देखीं और वही विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। उन्होंने स्पाइसी शुगर की सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि “हर महिला में अपार शक्ति होती है, बस उसे पहचानने और उसे निखारने की जरूरत है।”
अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि अभिनय का शौक उन्हें बचपन से ही था और स्कूल के दिनों में ‘लुंगी डांस’ जैसे परफॉर्मेंस से ही उन्होंने मंच पर अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी। अपने भाई आयुष्मान खुराना के साथ रिश्ते पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों के बीच हमेशा दोस्ती और प्यार रहा, हालांकि बचपन में छोटी-मोटी नोकझोंक भी होती थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आयुष्मान के सफल करियर ने उन्हें प्रेरणा भी दी और शुरुआत में थोड़ा दबाव भी महसूस हुआ, लेकिन अंततः उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
अपनी संघर्षपूर्ण यात्रा को याद करते हुए अपारशक्ति ने बताया कि रेडियो जॉकी से लेकर होस्टिंग और फिर अभिनय तक का सफर आसान नहीं था, लेकिन हर अनुभव ने उन्हें कुछ नया सिखाया। उन्होंने कहा कि “होस्टिंग मुझे कॉन्फिडेंस देती है, सिंगिंग मुझे सुकून देता है और एक्टिंग मुझे पहचान देती है।”
उन्होंने अपने जीवन के टर्निंग पॉइंट के रूप में फिल्म स्त्री को बताया, जिसने उन्हें इंडस्ट्री में एक मजबूत पहचान दिलाई। वहीं वेब सीरीज जुबिली के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए बेहद खास रहा, क्योंकि इसमें उन्होंने पुराने हिंदी सिनेमा के दौर को जीने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि उस दौर की सादगी और आज के बॉलीवुड की तकनीकी चमक में काफी अंतर है। अपने किरदारों में आए बदलाव पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि “जुबिली और बर्लिन जैसे प्रोजेक्ट्स ने मुझे एक अभिनेता के रूप में और ज्यादा गहराई दी है और मुझे अपने कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकलने का मौका मिला।”
कार्यक्रम के दौरान अपारशक्ति ने अपनी पर्सनल लाइफ पर भी खुलकर बात की। उन्होंने अपनी पत्नी आकृति के साथ अपनी खूबसूरत लव स्टोरी साझा की और बताया कि कैसे उनकी पत्नी और बेटी उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज़ में कहा कि “घर के झगड़े में हमेशा पत्नी ही जीतती हैं,” जिससे माहौल ठहाकों से गूंज उठा।
संवाद के अंत में अपारशक्ति ने एक छोटी सी संगीतमय प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी महिलाओं को समर्पित किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजित “स्पाइसी शुगर स्टाइल रैपिड फायर” राउंड ने पूरे माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया, जिसमें अपारशक्ति ने अपने चुटीले और दिलचस्प जवाबों से सभी का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर सिमरन आहूजा, रेनू लांबा, शिखा, चांदनी, शिल्पा, शिवानी, माला, गरिमा, कोमिला, श्वेता, हरमीत, पावनी, माला खेरा, पूजा आदि उपस्थित रहीं।





