धर्म

Agra : भक्ति भाव संग निकली मां चामुण्डा की कलश यात्रा, 3 हजार श्रद्धालुओं ने लिया भाग

प्राचीन मंदिर मां चामुण्डा देवी मंदिर में कलश स्थापना के साथ वार्षिक मेले का हुआ शुभारम्भ

-एक अप्रैल को छप्पन भोग, 2 अप्रैल को देवी जागरण और 3 अप्रैल को होगा भण्डारा

-पीत वस्त्र और सिर पर मंगल कलश लिए मां चामुण्डा की झांकी संग ढोल नगाड़ों, बैंड बाजों के साथ हजारों की संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

मनोहर समाचार, आगरा। सिर पर कलश लिए बैंड बाजों पर झूमते नाचते श्रद्धालु, भक्ति की बहती गंगा के बीच मां चामुण्डा के गूंजते जयकारे। फूलों से सजी मां भगवती की मनमोहक झांकी और सतरंगी रोशनी व पुष्पों से सजा मंदिर। भक्ति और श्रद्धा भाव में डूबे भक्तों के साथ हर तरफ उत्साह और उमंग बिखरी थी। आज मंदिर में कलश स्थापना व कलश यात्रा के साथ प्राचीन मंदिर मां चामुण्डा देवी (राजामंडी स्टेशन के निकट) वार्षिक मेला का शुभारम्भ हुआ। जिसमें लगभग 3 बजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

प्रातः मंदिर परिसर में मां चामुण्डा का विधि विधान से पूजन किया गया। मंदिर में कलश स्थापना के उपरान्त भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा का शुभारम्भ मुख्य अतिथि हेमा भगोर ने किया। बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों के साथ झूमते नाचते भक्तजन श्रीफल व अशोक के पवित्र पत्रों से सजे मंगल कलश सिर पर लिए भक्ति भाव के साथ माता रानी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर व मां चामुण्डा की झांकी की आरती कर कलश यात्रा का स्वागत हुआ। मंदिर से प्रारम्भ होकर, न्यू राजामण्डी, तोता का ताल, लोहामण्डी चौराहा, बल्देवगंज, लोहामण्डी बाजार, राजामण्डी रेलवे फाटक से बाजार होते हुए, सेंट जॉन्स चौराहा, किदवई पार्क से पुनः मंदिर पहुंचकर विश्राम लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से महन्त वीरेन्द्र नाथ ब्रह्मचारी, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र सिंह भगोर, कमल अग्रवाल, संयोजक राहुल राज, भानू शर्मा, विष्णु चौधरी, राकेश वर्मा, रवि सिसोदिया, शरद चौहान, हेमन्त प्रजापति, आशीष जैन, संतोष शर्मा, चिराग शर्मा आदि उपस्थित थे।

एक अप्रैल को छप्पन भोग, 2 को होगा देवी जागरण
आगरा। महन्त वीरेन्द्र नाथ ब्रह्मचारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में 1 अप्रैल को भव्य फूल बंगला व छप्पन भोग और 2 अप्रैल को देवी जागरण का आयोजन किया जाएगा। 3 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को सतरंगी पुष्पों व जगमग रोशनी से सजाया जाएगा। 3 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से भण्डारे में हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button