धर्म

Agra : भए प्रकट कृपाला दीन दयाला…” की गूंज में मना राम जन्म महोत्सव

बाल स्वरूपों की आरती उतार भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

मनोहर समाचार, आगरा। कावेरी मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा के चौथे दिवस भगवान श्रीराम जन्मोत्सव का आयोजन भक्ति, उल्लास और दिव्यता के साथ किया गया। “भए प्रकट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी…” के मंगलमय भजन की गूंज के बीच जैसे ही राम जन्म का प्रसंग आया, पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

कथा व्यास पंडित श्री भगवान भैया जी ने महाराज दशरथ द्वारा पुत्र कामेष्टि यज्ञ एवं भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के अवतरण का अत्यंत सुंदर और हृदयस्पर्शी वर्णन किया। उन्होंने बताया कि यह केवल एक जन्म नहीं, बल्कि धर्म की पुनर्स्थापना और आदर्श जीवन मूल्यों के प्राकट्य का दिव्य क्षण है।

भगवान के अवतारों का वर्णन करते हुए कथा व्यास ने कहा कि जब-जब धर्म की हानि और अधर्म की वृद्धि होती है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतार लेकर पृथ्वी पर प्रकट होते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान के प्रत्येक अवतार का उद्देश्य मानवता की रक्षा करना, सज्जनों का कल्याण करना और दुष्टों का विनाश करना होता है।

कथा व्यास ने आगे बताया कि श्रीराम अवतार मर्यादा, आदर्श और धर्म पालन का सर्वोच्च उदाहरण है। भगवान श्रीराम ने अपने जीवन के प्रत्येक चरण में यह सिद्ध किया कि सत्य, कर्तव्य और नैतिकता ही जीवन की वास्तविक शक्ति हैं। उनके चरित्र से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि चाहे परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, हमें सदैव धर्म और मर्यादा का पालन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगवान के अवतार केवल इतिहास नहीं, बल्कि हमारे जीवन के लिए मार्गदर्शक हैं, जो हमें सही और गलत का भेद समझाते हैं तथा समाज में सद्भाव, करुणा और न्याय स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं।

राम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर चारों भाइयों के बाल स्वरूपों की मनोहारी झांकी सजाई गई, जिसकी सभी श्रद्धालुओं ने विधिवत आरती उतारी। बाल स्वरूपों की झलक पाकर भक्तों के चेहरे आनंद और श्रद्धा से खिल उठे। पूरा वातावरण भक्ति, प्रेम और उल्लास से सराबोर हो गया।

भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान के जन्मोत्सव को उत्सव के रूप में मनाया। मंदिर परिसर में ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो अयोध्या नगरी साक्षात जीवंत हो उठी हो। दैनिक यजमान राकेश गर्ग, देवेंद्र अग्रवाल और राम प्रकाश गर्ग ने व्यास पूजन किया।

इस अवसर पर टीएन अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, देवेन्द्र अग्रवाल, आरके श्रोत्रिय, महेश मेघदूत, कन्हैया भटीजा, अतुल बंसल, गिरीश कुमार गुप्ता, राम प्रकाश अग्रवाल, राकेश गर्ग, रोहित केसवानी, अनुराग अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, तुषार गोयल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button