
-मैं लाडला खाटू वाले का परिवार सेवा समिति का पांच दिवसीय होगा वार्षिकोत्सव
मनोहर समाचार, आगरा। खाटूश्याम मंदिर में भक्ति की रसधार बहेगी। रमणीक श्रंगार में विराजमान खाटू श्याम बाबा के दर्शन के लिए भक्तो का हुजूम उमड़ेगा। जीवनी मण्डी स्थित मातंगी टावर पर गुरुवार को प्रथम श्री श्याम वार्षिकोत्सव के आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम के दौरान ये जानकारी मैं लाडला खाटूवाले का परिवार सेवा समिति के अध्यक्ष राकेश राजपूत ने दी। उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय स्थापना दिवस पर श्री श्याम उत्सव की तैयारियां जोरो से चल रही है।
सचिव अजय कुमार गोला ने बताया कि 15 मार्च को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन गौशाला में गौ माता की सेवा कर महोत्सव का आगाज होगा और 16 मार्च को श्याम नाम की मेंहदी कार्यक्रम में महिलाएं ढोलक की थाप और अरदास कीर्तन करते हुए अपने हाथो को मेंहदी से रचाएंगी। 17 मार्च को श्री मनकामेश्वर मंदिर से नगर आमंत्रण के लिए बाबा के डोल के साथ निशान यात्रा निकाली जाएगी, जो जीवनी मंडी स्थित खाटूश्याम मंदिर पर समाप्त होगी।
कोषाध्यक्ष कपिल सिंघल ने बताया कि 19 मार्च को खाटूश्याम मंदिर में पूर्ण विधि विधान से दो लाडली बहनों का विवाह खाटू नरेश के आशीर्वाद से संपन्न होगा और 20 मार्च को भव्य दरबार के साथ अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योति, पुष्प-इत्र वर्षा और छप्पन भोग सजाया जायेगा। संकीर्तन में प्रख्यात भजन गायिका अंजलि द्विवेदी संग लगभग 12 स्थानीय भजन गायक अपनी प्रस्तुति देंगे।




