Agra : खाटूश्याम का आशीष लेकर जन्म जन्मांतर के लिए एक दूजे के हुए पांच जोड़े
पहली बार निशान यात्रा संग निकली बारात, जगह-जगह हुआ स्वागत

-नव युगलों को उपहार स्वरूप दिया गृहस्थी का आवश्यक समान
मनोहर समाचार, आगरा। उल्लास से चमकते चेहरे, इंद्रधनुषी रोशनी, बैंड दस्तों के मधुर स्वरों में झूमते-नाचते हजारों श्रद्धालु। सजी-धजी बग्गियों पर विराजे दूल्हे। यह दिव्य अवसर था श्री श्याम सेवादार परिवार सेवा समिति की ओर से आयोजित सामूहिक लाड़ली बहना विवाह समारोह में पहली बार निशान यात्रा में निकलती बारात का। नाचते-गाते लोगों ने उमंग और उल्लास का ऐसा रंग जमाया की रह चलता राहगीर भी नवयुगलों को दुआएं देते थिरक उठा। रावत पाड़ा स्थित मन:कामेश्वर मंदिर से रवाना हुई निशान यात्रा संग बारात जीवनी मण्डी स्थित खाटूश्याम जी मंदिर में पहुंची। सभी ने द्वार पर पुष्प वर्षा और आतिशबाजी कर बारात का भव्य स्वागत किया।
संस्थापक अंकुर खण्डेलवाल ने बताया कि सर्वप्रथम नव युगल जोड़ो ने एक-दूजे के साथ जन्मो-जन्मो तक परिणय सूत्र के बंधन में बंधने के लिए मंदिर में खाटू नरेश का आशीर्वाद लिया। पांचो वर-वधुओ ने एक साथ अपने प्रियतम के गले में गुलाब की माला पहनाई तो पुरा सभागार खाटू नरेश के जयकारो ने गूंज उठा। वैदिक रीती रिवाज़ से विवाह की सभी रस्मों को निभाते हुए विवाह सम्पन्न हुआ। उपहार में समिति ने सभी जोड़ों को घर गृहस्थी के समान में स्मार्ट टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, डबल बेड, अलमारी, ड्रेसिंग टेबल, गैस चूल्हा, सिलेंडर, टेबल कुर्सी सहित चांदी के बिछुए, पायल आदि भेट की।
कोषाध्यक्ष आदित्य गुप्ता ने बताया कि शाम को मंदिर परिसर में समिति की महिलाओं ने अपने हाथों को संकीर्तन के लिए श्याम नाम से मेहंदी से रचाया। मेहंदी उत्सव में भजन गायक गुनगुन उपाध्याय के भजनों पर महिलाएं अपने को नृत्य करने से ना रोक सकी। इस अवसर पर निष्कर्ष गुप्ता, रितेश गुप्ता, आदित्य गुप्ता, धीरज चौरसिया, अमित पारासर, पंकज गुप्ता, विवेक गुप्ता, गोपी पमनानी, आर्यन बंसल, सुमित बंसल, कृष्णा अग्रवाल, अमन गोयल, अवनीश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आज रेशमी शर्मा का होगा संकीर्तन
आज शुक्रवार को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में भव्य दरबार के साथ अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योति, पुष्प -इत्र वर्षा और दिव्य छप्पन भोग सजाया जायेगा। संकीर्तन की शुरूआत में शाम 6 बजे से हरियाणा से हर्ष तनेजा और आगरा से राजा पुरोहित अपने भजनों से श्याम बाबा को रिझाएंगे। रात 9 बजे संकीर्तन में पटना से प्रख्यात भजन गायिका रेशमी शर्मा खाटू नरेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर मधुर संकीर्तन करेंगी।





