Agra : रंगभरनी एकादशी पर उमड़ेगा श्याम भक्तों का सैलाब
तीन दिवसीय फागोत्सव की 25 से होगी शुरुआत, 27 को निशान यात्रा का होगा आयोजन

-फागोत्सव के पोस्टर का हुआ विमोचन, तीन हजार भक्त उठाएंगे निशान
मनोहर समाचार, आगरा। आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति की ओर से रंगभरनी एकादशी के उपलक्ष्य में अष्ठम फागोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को बल्केश्वर स्थित सकारात्मक भवन में समिति पदाधिकारियों ने महोत्सव के पोस्टर का विमोचन कर कार्यक्रमों की जानकारी दी।
समिति अध्यक्ष अमन गर्ग ने बताया कि “तीन दिवसीय फागोत्सव की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। 25 फरवरी को आगरा कैंट स्थित एक भवन में श्याम नाम मेहंदी उत्सव आयोजित होगा। 27 फरवरी को श्री मनकामेश्वर नाथ मंदिर से भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 28 फरवरी को जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।”
यात्रा प्रभारी सचिन अग्रवाल ने बताया कि “निशान यात्रा के लिए श्रद्धालुओं द्वारा 23 और 24 फरवरी को निशान तैयार किए जाएंगे। यात्रा में लगभग तीन हजार भक्त हाथों में निशान लेकर श्याम बाबा को अर्पित करेंगे। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों के साथ 25 आकर्षक झांकियां और श्याम बाबा का डोला यात्रा की शोभा बढ़ाएगा। यात्रा श्री मनकामेश्वर नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर राम बारात मार्ग से होते हुए खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी।”
खाटू नरेश को अर्पित होगी विशेष पोशाक
एक मार्च को खाटू श्याम मंदिर में खाटू नरेश को विशेष पोशाक अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर संस्थापक मोहित अग्रवाल, सचिव गगन गर्ग, नीरज गर्ग, सौरभ बंसल, विष्णु अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, नंदन अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, विशाल बिंदल, उमेश गोयल, दिव्यांश गोयल, संजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।





